मध्य प्रदेश में 15 मई तक बढ़ा कोरोना कर्फ्यू, मुख्यमंत्री की अपील कहा आपका सहयोग चाहिए

By दिनेश शुक्ल | May 06, 2021

भोपाल। मध्य प्रदेश में 15 मई 2021 तक कोरोना कर्फ्य बढ़ा दिया गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश की जनता से आह्वान करते हुए कहा है कि कोरोना मानवता पर बड़ा संकट है। कोरोना को नियंत्रित करने का एकमात्र उपाय संक्रमण की चेन तोड़ना है। यह कार्य सभी के सहयोग के बिना संभव नहीं है। हम लंबे समय तक बंद नहीं रख सकते, जन-जीवन सामान्य भी करना है। अतः आगामी 15 मई तक सब कुछ बंद कर दें। जनता कर्फ्यू का कड़ाई से पालन करें और संक्रमण की चेन तोड़ दें। शादी विवाह आगे बढ़ा दें। जिस गाँव में एक भी कोरोना मरीज़ है, वहाँ मनरेगा के कार्य बंद कर दें। मुख्यमंत्री ने इस कार्य में सभी के सहयोग की अपील की है।

इसे भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में पाँच मई से प्रारंभ होगा 18 वर्ष से अधिक के व्यक्तियों का टीकाकरण

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा है कि कोरोना को समाप्त करने के लिए गाँव-गाँव, शहर-शहर में किल कोरोना अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर सर्वे कर मरीजों की पहचान कर उनका तुरंत इलाज प्रारंभ किया जा रहा है, शहरी क्षेत्रों में कोविड सहायता केंद्र बनाए जाकर वहाँ जाँच, मेडिकल किट वितरण आदि की व्यवस्था की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गरीब, आम आदमी, मध्यमवर्गीय व्यक्तियों को भी कोरोना का नि:शुल्क इलाज तुरंत उपलब्ध कराएगी। इसके लिए सरकार कल से ही योजना प्रारंभ कर रही है। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पैकेज घोषित किया जा रहा है। निजी अस्पतालों के साथ सरकार अनुबंध करेगी। सीटी स्केन आदि जाँचें भी नि:शुल्क होंगी।

इसे भी पढ़ें: कोरोना काल में नि:शुल्क भोपाल उपलब्ध करवा दिगम्बर जैन पंचायत कमेटी ट्रस्ट बनी जरूरतमंदों का सहारा

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्य प्रदेश में कोरोना पर नियंत्रण हुआ है। कोरोना संक्रमण में मध्यप्रदेश पहले देश में सातवें स्थान पर था, अब वह चौदहवें स्थान पर आ गया है। प्रदेश का साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट 19.8% है, वहीं रिकवरी रेट बढ़ कर 85.13% हो गया है। प्रदेश में ऑक्सीजन की आपूर्ति पर्याप्त हो गई है।  बेड्स की संख्या बढ़कर 63 हजार से अधिक हो गई है। आईसीयू बेड्स भी बढ़ाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जिलों की तरह जनपद पंचायतों में भी क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप गठित किए जायें, जिसमें विधायक, एसडीएम, सीईओ जनपद, समाजसेवी आदि हों। विधायक इस कार्य का नेतृत्व करें।

इसे भी पढ़ें: मेडिकल कालेज और जिला चिकित्सालय में 6 दिन और अन्य जगह 4 दिन होगा कोविड-19 टीकाकरण

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि गाँव में बाहर से आने वाले व्यक्तियों को बिना जाँच एवं क्वॉरेंटाइन किए अंदर न आने दें। इस तरह मेरा गाँव कोरोना मुक्त गाँव और मेरा क्षेत्र कोरोना मुक्त क्षेत्र बनाएं। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सरकार हर गरीब को नि:शुल्क राशन उपलब्ध करा रही है। प्रत्येक गरीब को 10 किलो नि:शुल्क राशन दिया जा रहा है। इसके लिए पात्रता पर्ची, अंगूठे की छाप देना, आधार नंबर देना आदि की कोई जरूरत नहीं है। ग्रामीण एवं शहरी पथ विक्रेताओं को एक-एक हज़ार रुपये की राशि दी जा रही है।

इसे भी पढ़ें: ग्वालियर स्मार्ट सिटी की अनूठी पहल योजनाबद्ध तरीक़े से सुनिश्चित की जा रही ऑक्सीजन सप्लाई

मुख्यमंत्री चौहान ने ऐसे लोगों को जो कि दवाओं आदि की कालाबाज़ारी कर रहे हैं, जनता से ज्यादा पैसे ले रहे हैं, सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि में जनता को लूटने वालों को छोड़ूंगा नहीं। कड़ी से कड़ी कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में यदि कोरोना की तीसरी लहर आती है, तो उसके लिए भी हेल्थ इंफ़्रा तैयार किया जा रहा है। प्रत्येक जिले में ऑक्सीजन प्लांट लगाए जा रहे हैं, सीटी स्केन आदि मशीनें लगाई जा रही हैं। प्रदेश में 95 नए ऑक्सीजन प्लांट लगाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कोरोना के विरुद्ध लड़ाई में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने मीडिया से आग्रह किया कि वह जनता का मनोबल बढ़ायें।

प्रमुख खबरें

EV Market में मचेगी खलबली! Ola Electric अपने Battery Business के लिए जुटाएगी ₹2000 करोड़

Credit-Debit Card यूजर्स को बड़ा झटका, Airport Lounge की फ्री सुविधा अब होगी बंद।

व्यापार घाटे पर राहत, पर Middle East संकट ने बढ़ाई टेंशन, Indian Exports पर मंडराया खतरा

West Bengal BJP Candidate List: भवानीपुर में भी नंदीग्राम वाला इतिहास दोहराएगा? BJP ने पहली लिस्ट जारी कर ही ममता पर प्रेशर बढ़ाया