By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 23, 2020
नयी दिल्ली। देश में कोविड-19 के एक दिन में 44,059 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 91 लाख के पार पहुंच गए, जिनमें से 85,62,641 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे अद्यतन आंकड़ों के अनुसार देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 91,39,865 हो गए हैं। वहीं 511 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,33,738 हो गई।
वहीं, कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख,29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवम्बर को 90 लाख के पार चले गए थे। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार 22 नवम्बर तक कुल 13.25 करोड़ से अधिक नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई, जिनमें से 8,49,596 नमूनों का परीक्षण रविवार को ही किया गया।