By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 14, 2021
नयी दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज और चेन्नई सुपरकिंग्स के बल्लेबाजी कोच माइकल हसी कोरोना वायरस संक्रमण से उबर गये है और उनके रविवार को घर वापस लौटने की संभावना है जबकि भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा की दो जांच में एक का नतीजा पॉजिटिव आया है। साहा इंग्लैंड दौरे पर जाने वाली भारतीय टीम का हिस्सा है, जिसे विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के अलावा इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला खेलनी है। इस दौरे पर जाने वाली भारतीय टीम के बायो बबल में शामिल होने के लिए उन्हें 25 मई से पहले नेगेटिव होने के साथ अपनी फिटनेस साबित करनी होगी।
ऑस्ट्रेलिया ने कोरोना वायरस महामारी के मामलों के कारण भारत से आने वाली विमानों पर 15 मई तक रोक लगायी है। साहा अभी पृथकवास में ही रहेंगे। उनके दो जांच हुए जिसमें से एक का नतीजा पॉजिटिव आया है। सनराइजर्स हैदराबाद के इस खिलाड़ी ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘ मेरा पृथकवास समय पूरा नहीं हुआ है। मेरे दो जांच में से एक का नतीजा नेगेटिव जबकि दूसरे का पॉजिटिव आया है। मैं अच्छा महसूस कर रहा हूं। सबसे यह गुजारिश है कि मेरे बारे में गलत खबर या जानकारी नहीं फैलाये।’’ भारतीय टीम विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में 18 जून से साउथम्पटन में न्यूजीलैंड का सामना करेगी। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ उसे पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला खेलनी है।