इस तरह बनाइए रात की दाल के परांठे, टिक्की और पकौड़े

By मिताली जैन | May 03, 2018

बची हुई दाल एक ऐसा व्यजंन है, जिसे सुबह कोई नहीं खाना चाहता। लेकिन वर्तमान समय में, दालों के दाम भी आसमान छू रहे हैं। इतना ही नहीं, कुछ घरों में तो अन्न को बाहर फेंकना अच्छा नहीं माना जाता। ऐसे में अगर अब आप यह सोच रही हैं कि आप रात की बची हुई दाल का क्या करेंगी तो आपको परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। अगर आप चाहें तो रात की बची हुई दाल को भी घरवालों से समक्ष कुछ इस तरह से पेश कर सकती हैं कि वे उंगलियां चाटते रह जाएंगे और उन्हें पता भी नहीं चलेगा कि उन्होंने रात की बची हुई दाल खाई है। तो आईए जानते हैं दाल को नए अंदाज में बनाने के कुछ नए तरीकों के बारे में−

दाल परांठा

यह एक बेहद ही आसान और स्वादिष्ट रेसिपी है। इससे आपकी रात की दाल की खपत तो हो ही जाएगी, साथ ही आपको सुबह के लिए एक बढि़या ब्रेकफास्ट भी मिल जाएगा। दाल परांठा बनाने के लिए आप दो कप आटा लेकर उसमें बची हुई दाल, स्वादानुसार नमक, लाल मिर्च, कटा हुआ धनिया, गरम मसाला पाउडर व दो टेबलस्पून ऑयल मिलाकर आटा गूंध लें। अब इस आटे को पांच मिनट के लिए यूं ही छोड दें। अंत में इन आटे की लोई बनाकर रोटी बेल लें व सामान्य पराठें की तरह की सेंक लें। इसे गर्मागम मक्खन, अचार या हरी चटनी के साथ सर्व करें। 

 

नोटः अगर आप चाहें तो अपने स्वादानुसार आटे में कटी हुई बारीक हरी मिर्च व महीन कटे हुए प्याज भी मिला सकती हैं। साथ ही आटा गूंधने के लिए आप रात की कोई भी बची हुई दाल जैसे दाल मखनी, तड़का दाल या पालक दाल कोई भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

 

दाल टिक्की

दाल टिक्की को आप शाम के नाश्ते में खा सकते हैं। इसे बनाने के लिए आप दाल में बेसन, नमक, हरी मिर्च, हींग, कटे हुए प्याज व लाल मिर्च मिक्स कर लीजिए। टिक्की को थोड़ा क्रंची बनाने के लिए आप इसे सूजी भी अवश्य मिलाएं। अब इसे अपने हाथों पर लेकर टिक्की की भांति छोटे−छोटे रोल्स बनाएं और इन रोल्स को शैलो फ्राई करें। इसे आप कैचप के साथ या दो ब्रेड के बीच सैंडविच की तरह लगाकर सर्व कर सकती हैं।

 

दाल टोस्ट

दाल टोस्ट बनाने के लिए आप सबसे पहले दाल में थोड़ा बेसन मिलाएं। जिससे एक थिक पेस्ट बन जाए। अब इसमें आप नमक, लाल मिर्च, हींग मिक्स करें व इस मिश्रण को ब्रेड के एक साइड पर चम्मच की सहायता से फैलाएं व एक गर्म तवे पर उस ब्रेड को ऑयल की सहायता से सेंके। इसी तरह आप ब्रेड की दूसरी साइड पर भी मिश्रण फैलाएं व दूसरी तरफ से भी इसी तरह सेंके। आपका दाल टोस्ट तैयार है।

 

दाल पकौड़ा

आपने आलू, प्याज, गोभी, पालक व पनीर आदि के पकौड़ें अवश्य खाए होंगे लेकिन दाल का पकौड़ा आपने शायद ही कभी खाया होगा। इसे बनाना जितना आसान है, खाने में यह उतना ही स्वादिष्ट है। इतना ही नहीं, इसे खाने वाला व्यक्ति यही सोचता रह जाएगा कि आपने इसे किस तरह से बनाया है। दाल के पकौड़े बनाने के लिए आप सबसे पहले दाल में थोड़ा बेसन, कटे हुए प्याज, पालक और अन्य कोई भी रात की बची हुई सब्जी मिक्स कीजिए। बाद में आप इसमें स्वादानुसार नमक व लाल मिर्च मिलाएं। अगर आपको तीखा खाना ज्यादा पसंद है तो आप इसमें बारीक कटी हुई हरी मिर्च भी मिला सकती हैं। अब इसे एक थिक पेस्ट तैयार कर लीजिए। अब गैस पर कड़ाही में तेल गर्म होने रख दीजिए। जब तेल गर्म हो जाए तो इसमें दाल की पकौड़ी डालिए व उसके गोल्डन ब्राउन होने तक डीप फ्राई कीजिए। इसे आप कैचप या चटनी के साथ सर्व कीजिए। यकीन मानिए, लोग आपकी तारीफ करते नहीं थकेंगे।

 

-मिताली जैन

प्रमुख खबरें

Arunachal Pradesh Elections 2024: अरुणाचल प्रदेश की क्षेत्रीय पार्टी है पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल, जानिए इतिहास

Article 370 फिर से लागू कराने की किसी में हिम्मत नहीं, पीएम मोदी ने कांग्रेस को दिया चैलेंज

झारखंड में अलग अलग सड़क हादसों में तीन की मौत, नौ जख्मी

अयान मुखर्जी की डिनर पार्टी में बीवी आलिया भट्ट के साथ दिखे रणवीर कपूर, गर्लफ्रेंड का हाथ थामे नजर आए ऋतिक