By रेनू तिवारी | May 02, 2021
कोरोना वायरस से पीड़ित दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के पिता का आज निधन हो गया है। इस बात की जानकारी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर जानकारी दी। केजरीवाल ने ट्विटर पर लिखा हमारे स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने अपने पिता को आज कोरोना वायरस के कारण खो दिया। यह बहुत ज्यादा दुखद हैं। इस दुख की घड़ी में भी सत्येंद्र खुद भी दिल्ली के लोगों के लिए चौबीसों घंटे काम करते रहे हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और परिवार को मेरी हार्दिक संवेदना।
सत्येंद्र जैन भी पिछले साल कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे और वह इससे उबर गए थे। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी जैन के पिता के निधन पर शोक प्रकट किया। सिसोदिया ने ट्वीट किया, ‘‘मेरे करीबी दोस्त और दिल्ली सरकार में सहयोगी सत्येंद्र जैन ने अपने पिता को खो दिया। इस मुश्किल समय में चारों तरफ से दुखद खबरें आ रही हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें। ओम शांति।’’ दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के मुताबिक शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमण के 25,219 नए मामले आए तथा 412 और लोगों की मौत हो गयी।