Delhi में कड़ाके की ठंड, न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस पहुंचा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 08, 2026

राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार की सुबह लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा और यहां इस साल का सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग के आंकड़ों के अनुसार यह इस मौसम का तीसरा सबसे कम न्यूनतम तापमान रहा।

विभाग के आंकड़ों के अनुसार, लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रिज और आयानगर दोनों जगहों पर तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में शहर में कोई बारिश दर्ज नहीं की गई।

इस मौसम का सबसे कम न्यूनतम तापमान चार और पांच दिसंबर को दर्ज किया गया था, जब तापमान गिरकर 5.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। एक दिसंबर को न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस था, जिससे बृहस्पतिवार का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस इस सर्दी में अब तक दर्ज किया गया तीसरा सबसे कम तापमान बन गया है।

दिल्ली में इस साल का पहला शीत दिवस छह जनवरी को दर्ज किया गया था, जब अधिकतम तापमान गिरकर 15.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस मौसम के औसत से 3.3 डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम था।

बुधवार को भी राजधानी में भीषण ठंड का प्रकोप जारी रहा था। अधिकतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम था, और न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा था, जो मौसमी औसत से 1.7 डिग्री कम था।

मौसम विभाग ने कहा है कि बृहस्पतिवार को भी जबरदस्त ठंड का मौसम बना रह सकता है और अधिकतम तापमान लगभग 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। विभाग के अनुसार, शीत दिवस की स्थिति तब घोषित की जाती है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम हो जाता है और अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 4.5 से 6.4 डिग्री नीचे गिर जाता है।

प्रमुख खबरें

Tech कंपनी में बड़ा फेरबदल: Layoffs के बाद Hillary Maxson बनीं नई CFO, AI पर होगा बड़ा निवेश

Aviation Sector से MSME तक को मिलेगी Oxygen, सरकार ला रही नई Loan Guarantee Scheme

Air India के Top Level पर बड़ा फेरबदल, CEO Campbell Wilson का इस्तीफा, नए बॉस की तलाश तेज

Candidates Tournament: Tan Zhongyi की एक गलती पड़ी भारी, Vaishali ने मौके को जीत में बदला