By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 24, 2026
पूर्वी दिल्ली के कृष्णा नगर स्थित एक स्कूल में शनिवार को 12वीं कक्षा की छात्रा ने खुद को कथित तौर पर आग लगा ली। लड़की के बैग से तीन पन्नों का सुसाइड नोट मिला है और पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या दोस्त से रिश्ता टूटना उसकी मौत की वजह बना। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि छात्रा स्कूल परिसर में गार्ड कक्ष के पीछे बुरी तरह जली हुई अवस्था में मिली थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतका के बैग से मिले तीन पन्नों के कथित सुसाइड नोट में परिवार और एक दोस्त का जिक्र है। एक पन्ने पर उसने कथित तौर पर अपने परिवार से माफी मांगी, जबकि दूसरे पन्ने पर लिखा कि उसके एक दोस्त को परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
पुलिस नोट की सामग्री की जांच कर रही है और उसने इस बारे में अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया। हालांकि, परिवार ने आत्महत्या की आशंका पर अविश्वास जताया है और आरोप लगाया कि छात्रा किसी साजिश का शिकार हुई है। शाहदरा के पुलिस उपायुक्त आर.पी. मीणा ने बताया कि पुलिस को एक छात्रा के आग से झुलसने के संबंध में सूचना अपराह्न 11 बजकर 58 मिनट पर मिली।
इसके बाद कृष्णा नगर थाने की एक टीम स्कूल पहुंची। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस टीम को गार्ड कक्ष के पास छात्रा लगभग पूरी तरह जली हुई अवस्था में मिली। एक एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची, जिसके साथ आए चिकित्सक ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया।
अपराध जांच दल और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। जांचकर्ता शव के पास मिली एक बोतल के बाद यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि ज्वलनशील पदार्थ स्कूल में कैसे लाया गया और उसका इस्तेमाल कैसे किया गया। पुलिस घटना से पहले की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए स्कूल के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और कर्मचारियों, शिक्षकों तथा छात्रों से पूछताछ कर रही है।
जांचकर्ता छात्रा के परिवार और दोस्तों से भी बात कर रहे हैं, ताकि पता लगाया जा सके कि क्या वह किसी निजी या पारिवारिक परेशानी का सामना कर रही थी या कोई उसे परेशान कर रहा था या वह किसी ऐसे रिश्ते में थी, जिसका घटना से संबंध हो सकता है। अधिकारियों ने कहा कि किसी साजिश की आशंका समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस उपायुक्त के अनुसार, छात्रा की उम्र लगभग 17 वर्ष थी और वह कृष्णा नगर के घोंडली इलाके में अपने परिवार के साथ किराये के मकान में रहती थी।
उसके परिवार में माता-पिता, तीन भाई, एक बहन और एक भाभी हैं। जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब सात बजे छात्रा की बड़ी बहन उसे स्कूल छोड़कर गई थी। जब दोपहर करीब एक बजे तक छात्रा घर नहीं लौटी, तो उसकी भाभी उसे तलाशने स्कूल पहुंची।
छात्रा की भाभी को स्कूल परिसर के अंदर बुलाकर घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद परिवार के अन्य सदस्य भी वहां पहुंचे। इससे पहले छात्रा की बहन ने बताया था कि परिवार को दोपहर करीब 12 बजकर 40 मिनट पर फोन आया और घटना की जानकारी मिली। बहन ने कहा, ‘‘मैं उसे स्कूल छोड़ने आई थी और वह सामान्य लग रही थी।’’ हालांकि, छात्रा की भाभी ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं दी गई थी और वह उसे तलाशने स्कूल पहुंची थीं।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे किसी ने घटना के बारे में नहीं बताया। मैं उसे तलाशने स्कूल आई थी।’’ इस बीच, कृष्णा नगर के विधायक अनिल गोयल और दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने घटना की जानकारी मिलने के बाद स्कूल का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। सूद ने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।