Delhi में मिर्च पाउडर डालकर 70 लाख लूटने वाले छह आरोपी गिरफ्तार, 30 लाख बरामद

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 04, 2026

नयी दिल्ली, चार नवंबर उत्तर दिल्ली के गुलाबी बाग अंडरपास के पास एक स्कूटी सवार की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर कथित रूप से 70 लाख रुपये लूटने के मामले में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है और 30.23 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के गया निवासी चंदन कुमार (20), सुषोभन उर्फ सोनू (28), मनीष कुमार उर्फ विक्की (21), योगेश कुमार (30), दिल्ली के बुराड़ी निवासी सीतू (31) और झारखंड के चतरा निवासी मंटू यादव (25) के रूप में हुई है।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में रूपनगर थाने में 26 अक्टूबर को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस के मुताबिक, कूचा महाजनी के सीसीटीवी फुटेज में दो मोटरसाइकिल शिकायतकर्ता की स्कूटी का पीछा करती दिखाई दीं और तकनीकी निगरानी व कॉल डिटेल रिकॉर्ड के विश्लेषण से आरोपियों की पहचान की गई। डीसीपी ने बताया कि इसके बाद दिल्ली, राजस्थान और बिहार में छापेमारी करके 29 और 30 अक्टूबर को पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उनकी पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर 31 अक्टूबर को मंटू यादव को चांदनी चौक के बल्लीमारान इलाके से गिरफ्तार किया गया।

अधिकारी ने बताया कि जांच में सामने आया कि मंटू यादव कूचा महाजनी की एक दुकान पर सफाईकर्मी के रूप में काम कर चुका था और वहां नकदी लेकर आने-जाने वालों की गतिविधियों से परिचित था। पुलिस के अनुसार, उसने कथित तौर पर अन्य आरोपियों को एकत्र करके लूट की साजिश रची थी। भट्ट ने बताया कि पुलिस ने कुल 30,23,000 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, एक काला बैग, तीन डेबिट कार्ड और एक पैन कार्ड बरामद किया है।

पुलिस दो अन्य संदिग्धों पवन और वकील की तलाश कर रही है।

प्रमुख खबरें

Odisha के गिडिपाबली में भूस्खलन के बाद रोका गया बचाव अभियान, 10 लोग अब भी लापता

ज्ञानेश कुमार साथ होते तो...ट्रंप की पार्टी को मिडटर्म इलेक्शन में मिली शिकस्त पर CJP ने लिए मजे

Khunti में तीन नाबालिगों से दुष्कर्म के आरोप में तीन रिश्तेदार गिरफ्तार, BNS और POCSO के तहत केस

Nakhrewaalii Film Review: अच्छे इरादों वाली कॉमेडी-ऑफ-एरर्स, जो घिसे-पिटे फॉर्मूलों में उलझ कर रह गई