By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 22, 2026
दिल्ली पुलिस ने विशेष खतरे, सुरक्षा चिंताओं और कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए 30 अक्टूबर को जेएलएन स्टेडियम में होने वाले पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के संगीत कार्यक्रम को अनुमति देने से इनकार कर दिया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। दक्षिणी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अनंत मित्तल ने ‘बुकमाय शो लाइव’ प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अनिल मखीजा को 21 अक्टूबर को लिखे एक पत्र में बताया कि दिलजीत दोसांझ के ‘ऑरा इंडिया टूर दिल्ली’ संगीत कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति के अनुरोध पर गौर किया गया लेकिन इसे मंजूरी नहीं दी जा सकती।
उन्होंने कहा, भारतीय युवा दोसांझ को पसंद करते हैं और पंजाब में भी वह लोगों के चहेते हैं। हालांकि इस फैसले के पीछे के कारणों के बारे में विस्तृत विवरण तुरंत उपलब्ध नहीं हो सका। दिल्ली में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम दिलजीत के ऑरा वर्ल्ड टूर के भारत चरण की शुरुआत करता।
राष्ट्रीय राजधानी के बाद उन्हें छह शहरों - इंदौर, अहमदाबाद, मुंबई, बेंगलुरु, लखनऊ और चंडीगढ़ जाना था। ‘वर्ल्ड टूर’ के तहत, दिलजीत उत्तर अमेरिका व यूरोप के कई देशों और ऑस्ट्रेलिया में प्रस्तुति दे चुके हैं।