By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 10, 2026
दिल्ली पुलिस को शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में लगभग 7,000 प्रदर्शनकारियों के पहुंचने का अंदेशा है और इसे देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को अत्यधिक संयम बरतने तथा स्थिति से पेशेवर ढंग से निपटने के निर्देश दिए हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया गया कि वे प्रदर्शनकारियों की किसी भी उकसावे वाली कार्रवाई पर प्रतिक्रिया न दें और पूरे अभियान के दौरान संयम बनाए रखें।
प्रदर्शनकारियों को रामलीला मैदान में भेजे जाने की अटकलों पर पुलिस ने स्पष्ट किया कि वहां प्रदर्शन की अनुमति के लिए अब तक कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। इस संबंध में निर्णय के लिए संबंधित अधिकारियों के समक्ष औपचारिक आवेदन प्रस्तुत करना होगा। वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि पूरा बल अनुशासन और पेशेवर तरीके से काम करे।
स्थिति के अनुसार आवश्यक निर्णय लेने के लिए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहेंगे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर ये कदम उठाए गए हैं।