Delhi में पिछले सात वर्षों में जनवरी का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 23, 2026

दिल्ली में बृहस्पतिवार को पिछले सात वर्षों में जनवरी का सबसे गर्म दिन रहा। सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, अगले 24 घंटों में तापमान में फिर से गिरावट आने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी।

इसने बताया कि इस महीने का दूसरा सबसे गर्म दिन 19 जनवरी को दर्ज किया गया था, जब अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि जनवरी के लिए अब तक का औसत अधिकतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा है।

विभाग ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के क्षेत्र में सक्रिय रहने से इस क्षेत्र के प्रभावित होने का अनुमान है, जिससे आसमान में बादल छाये रहने और बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को अधिकतम तापमान गिरकर 19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

शुक्रवार की सुबह से दोपहर तक हल्की बारिश के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। दोपहर या शाम के समय हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है, साथ ही सुबह के समय हल्का कोहरा भी छा सकता है। गरज-चमक और बारिश के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।

विभाग ने बताया कि दिल्ली में अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.8 डिग्री सेल्सियस अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत तापमान से 1.2 डिग्री सेल्सियस कम था।

प्रमुख खबरें

कर्नाटक: UT Khader ने Rahul Gandhi पर टिप्पणी के लिए भाजपा विधायक की आलोचना की

Allahabad High Court का फैसला: गर्भावस्था सरकारी नौकरी से वंचित करने का आधार नहीं

AIIMS Raebareli परिसर में मरीजों के तीमारदारों के लिए बनेगा रात्रि विश्राम गृह

Allahabad High Court का फैसला, प्रशासनिक देरी के आधार पर छूट नहीं मांग सकते सरकारी विभाग