By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 09, 2026
नयी दिल्ली, नौ नवंबर दिल्ली में इस साल दीपावली के दिन पिछले पांच वर्षों में सबसे अधिक प्रदूषण दर्ज किया गया और इस दिन औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 376 रहा। दीपावली के अगले दिन सोमवार सुबह 10 बजे एक्यूआई 371 दर्ज किया गया, जो 2021 के बाद दीपावली के अगले दिन का प्रदूषण का सबसे अधिक स्तर है। इस दौरान पूरी दिल्ली धुंध और कोहरे की चादर में लिपटी रही।
आंकड़े दर्ज करने वाले 51 निगरानी केंद्रों में से 14 में वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में रही, चार केंद्रों में खराब और शेष 33 केंद्रों में बेहद खराब दर्ज की गई। दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) में सबसे अधिक 439 एक्यूआई दर्ज किया गया। इससे पहले सुबह आठ बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 370 था।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दीपावली के दिन 376 एक्यूआई दर्ज किया गया, जो 2021 के बाद त्योहार के दिन का सबसे अधिक स्तर है। वर्ष 2021 में दीपावली के दिन एक्यूआई 382 दर्ज किया गया था। गौरतलब है कि दीपावली हर साल अक्टूबर या नवंबर में अलग-अलग तारीखों पर पड़ती है।
इस साल यह आठ नवंबर को मनाई गई, जबकि 2025 में 20 अक्टूबर, 2024 में 31 अक्टूबर, 2023 में 12 नवंबर, 2022 में 24 अक्टूबर और 2021 में चार नवंबर को दीपावली मनाई गई थी। दीपावली के दिन औसत एक्यूआई 2025 में 345, 2024 में 328, 2023 में 218 और 2022 में 312 रहा था। वहीं, 2021 में यह 382 और इस साल 376 दर्ज किया गया।
त्योहार के अगले दिन भी प्रदूषण का स्तर ऊंचा बना रहा। दीपावली के अगले दिन पूरे दिन का औसत एक्यूआई 2025 में 351, 2024 में 338, 2023 में 360, 2022 में 302 और 2021 में 462 दर्ज किया गया था। सोमवार सुबह दिल्ली के लोग धुंध और कोहरे की घनी परत के बीच जागे।
सुबह के शुरुआती घंटों में दिल्ली के दोनों प्रमुख मौसम केंद्रों पर दृश्यता में भारी गिरावट दर्ज की गई। सफदरजंग में सुबह साढ़े छह बजे बजे दृश्यता घटकर 50 मीटर रह गई, जो घने कोहरे की स्थिति को दर्शाती है। एक दिन पहले यहां दृश्यता 700 मीटर थी।
वहीं, पालम में दृश्यता 400 मीटर दर्ज की गई, जो मध्यम कोहरे का संकेत है। रविवार को यहां दृश्यता 800 मीटर थी। सुबह साढ़े आठ बजे सफदरजंग में दृश्यता बढ़कर 100 मीटर और पालम में 600 मीटर हो गई।
इसके बाद सुबह नौ बजे तक दोनों केंद्रों पर दृश्यता क्रमशः 500 मीटर और 900 मीटर पहुंच गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार, इस समय दोनों केंद्रों पर हल्का कोहरा दर्ज किया गया। सफदरजंग में रात साढ़े 10 बजे से देर रात ढाई बजे तक हल्का कोहरा रहा।
इसके बाद देर रात ढाई बजे से सुबह नौ बजे तक घना कोहरा छाया रहा, जो छह घंटे 30 मिनट तक बना रहा। सुबह नौ बजे के बाद फिर हल्का कोहरा दर्ज किया गया। पालम में आधी रात से सुबह पांच बजे तक हल्का कोहरा रहा।
इसके बाद सुबह पांच बजे से साढ़े आठ बजे तक मध्यम कोहरा छाया रहा, जो तीन घंटे 30 मिनट तक बना रहा। सुबह साढ़े आठ बजे के बाद यहां फिर हल्का कोहरा दर्ज किया गया। आईएमडी के अधिकारियों ने कहा, ‘‘कोहरे के साथ-साथ धुंध भी है।’’ अधिकारियों ने एक्यूआई में गिरावट और धुंध भरे मौसम के लिए शुष्क मौसम तथा हवा की गति धीमी रहने को जिम्मेदार बताया।
उन्होंने कहा कि पिछली शाम सफदरजंग और पालम दोनों जगह हवा की गति बेहद कम थी। इस बीच, स्विट्जरलैंड के वायु गुणवत्ता निगरानी मंच ‘आईक्यूएयर’ ने सोमवार सुबह दिल्ली की वायु गुणवत्ता को बेहद अस्वास्थ्यकर श्रेणी में रखा। सुबह साढ़े आठ बजे यहां एक्यूआई 245 दर्ज किया गया।
आईक्यूएयर के अनुसार, पीएम2.5 का स्तर 170 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा, जो विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के वार्षिक दिशा-निर्देश में निर्धारित सीमा से करीब 34 गुना अधिक है। पीएम10 का स्तर 126 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया, जबकि ओजोन का स्तर 31, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड का 44.6 और सल्फर डाइऑक्साइड का 32 रहा। कार्बन मोनोऑक्साइड की सांद्रता 1,461.5 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज की गई।
पीएम2.5 प्रदूषण के उन सूक्ष्म कणों में शामिल है, जो फेफड़ों में गहराई तक पहुंचने के साथ रक्तप्रवाह में भी प्रवेश कर सकते हैं। स्वास्थ्य पर इनके प्रतिकूल प्रभावों के कारण इन्हें प्रमुख प्रदूषकों में गिना जाता है। इस बीच, एक्यूआई डॉट इन के वास्तविक समय के आंकड़ों के अनुसार, दीपावली के बाद दिल्ली का एक्यूआई बढ़कर 2,283 तक पहुंच गया।
इस मंच के मुताबिक, रविवार रात नौ बजे देश के छह अन्य शहरों में भी एक्यूआई 1,000 से अधिक दर्ज किया गया। सोमवार सुबह एक्यूआई डॉट इन ने दिल्ली की वायु गुणवत्ता 637 दर्ज की और इसे खतरनाक श्रेणी में रखा। बवाना, बुराड़ी, जहांगीरपुरी, सोनिया विहार, पंजाबी बाग, ओखला और रोहिणी समेत दिल्ली के कई इलाकों में सोमवार को भी वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में बनी रही।
इन क्षेत्रों में रविवार रात से ही प्रदूषण का स्तर काफी ऊंचा था। पटाखे फोड़ने पर प्रतिबंध के बावजूद रविवार शाम दिल्ली के कई हिस्सों में आतिशबाजी जारी रही। पीतमपुरा, बुराड़ी, मयूर विहार और लुटियंस दिल्ली के कुछ इलाकों से भी पटाखे फोड़े जाने की खबरें सामने आईं।
जिला मजिस्ट्रेट (पूर्वी दिल्ली) ने एक आदेश जारी कर सात और आठ नवंबर को सुबह छह से सात बजे तथा रात आठ से 10 बजे तक केवल हरित पटाखे फोड़ने की अनुमति दी थी। हालांकि, स्थानीय निवासियों ने बताया कि शाम के लिए निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी पटाखे फोड़े जाते रहे। बाहरी दिल्ली के पीतमपुरा और बुराड़ी के अलावा मयूर विहार में भी आतिशबाजी की तीव्रता काफी अधिक रही।
जिला मजिस्ट्रेट के आदेश में अस्पतालों, नर्सिंग होम, स्वास्थ्य केंद्रों, वृद्धाश्रमों, शिक्षण संस्थानों और शांत क्षेत्रों के तहत अधिसूचित अन्य इलाकों के 300 मीटर के दायरे में पटाखे फोड़ने पर भी प्रतिबंध लगाया गया था। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली (ईडब्ल्यूएस) के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक दिल्ली की वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में बने रहने की आशंका है। ईडब्ल्यूएस के मुताबिक, छह हजार वर्ग मीटर प्रति सेकंड से कम वेंटिलेशन इंडेक्स (प्रदूषकों को फैलाने की वायुमंडल की क्षमता का सूचकांक) और 10 किलोमीटर प्रति घंटे से कम औसत हवा की गति प्रदूषकों को प्रभावी ढंग से फैलने से रोकने वाली प्रतिकूल परिस्थितियां हैं।
प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों, वाहनों से निकलने वाले धुएं, दीपावली उत्सव और पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने को प्रदूषण बढ़ने के प्रमुख कारणों में शामिल किया गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा , 51 से 100 को संतोषजनक , 101 से 200 को मध्यम , 201 से 300 को खराब , 301 से 400 को बेहद खराब और 401 से 500 के बीच के स्तर को गंभीर श्रेणी में रखा जाता है।