By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 09, 2026
लखनऊ, नौ नवंबर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में सोमवार तड़के एक घर में आग लगने से 75 वर्षीय बुजुर्ग की जलकर मौत हो गई। आग लगने की वजह मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती को माना जा रहा है। पुलिस की ओर से जारी बयान के मुताबिक, आग सुबह करीब 4.40 बजे बाबा हजारा बाग इलाके में स्थित एक मकान में लगी।
मृतक की पहचान मोहम्मद अतीक के रूप में हुई है, जो मोहम्मद हनीफ का बेटा था। वह मकान में अकेले रहता था। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के हवाले से बताया कि आशंका है कि मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती से आग लगी, जिसके बाद पूरे घर में धुआं भर गया।
पुलिस के अनुसार, आग लगने की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घर में प्रवेश करने के लिए बंद चैनल गेट का ताला तोड़ा। हालांकि, तब तक अतीक की जलकर मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।