By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 09, 2026
भुवनेश्वर, नौ नवंबर ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर और कटक सहित राज्य के अधिकतर हिस्सों में रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है, जो राज्य में सर्दियों की शुरुआत का संकेत है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को यह जानकारी दी। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, भुवनेश्वर में न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री कम है, जबकि कटक में न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
कोरापुट जिले का सिमिलिगुडा राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कंधमाल जिले का फूलबनी मैदानी इलाकों में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद भवानीपटना और दारिंगबाड़ी में न्यूनतम तापमान 15-15 डिग्री सेल्सियस रहा।
झारसुगुड़ा और नबरंगपुर में न्यूनतम तापमान 16-16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद क्योंझर में 16.6 डिग्री, रायगढ़ा में 17 डिग्री, बलांगीर में 17.2 डिग्री, देवगढ़ में 17.4 डिग्री, पारलाखेमुंडी में 17.5 डिग्री और हीराकुंड में 17.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा, ‘‘अगले 24 घंटों के दौरान ओडिशा के जिलों में न्यूनतम तापमान (रात का तापमान) दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है।
इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।’’ विभाग ने राज्यभर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। इस बीच, रविवार रात दिवाली मनाए जाने के बाद भुवनेश्वर में धुएं की घनी चादर छा गई और मध्यम कोहरे के कारण दृश्यता भी कम हो गई। मौसम विभाग ने दोपहर में जारी बुलेटिन में बताया कि ओडिशा के उत्तरी आंतरिक क्षेत्र के सुंदरगढ़ जिले में एक-दो स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा, जबकि राज्य के दक्षिणी तटीय क्षेत्र के खुर्दा जिले में एक-दो स्थानों पर मध्यम कोहरा दर्ज किया गया।