By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 08, 2021
नयी दिल्ली। दिल्ली में कोविड-19 के 7,437 नए मामले सामने आए हैं, जो इस साल का सबसे बड़ा दैनिक आंकड़ा है, जबकि कोरोना वायरस संक्रमण के कारण 24 और लोगों की मौत हो गई, जिससे राष्ट्रीय राजधानी में मृतकों की संख्या बढ़कर 11,157 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, संक्रमण दर भी पिछले दिन की 6.1 प्रतिशत से बढ़कर 8.1 प्रतिशत हो गई, क्योंकि पिछले कुछ हफ्तों में मामलों में काफी वृद्धि हुई है। इस वर्ष पहली बार एक दिन में 7,000 से अधिक नए मामले सामने आए हैं। पिछले दो दिन 5,000 से अधिक नए मामले आए थे। दिल्ली में अब तक के सबसे अधिक दैनिक मामले 11 नवंबर को आए थे, जब 8,593 मामले आए थे, जबकि शहर में कोविड-19 से सबसे अधिक मौतें 19 नवंबर को हुई थीं, जिस दिन 131 मरीजों की मौत हो गई थी।