एक ओर अमित शाह के साथ डिनर, दूसरी ओर ममता की तारीफ, आखिर कौन सा शॉट खेलने की कोशिश कर रहे हैं गांगुली

By अंकित सिंह | May 08, 2022

देश में इंडियन प्रीमियर लीग का रोमांच चल रहा है। इसे क्रिकेट का फीवर भी कहते हैं। आईपीएल की 10 टीमें एक-दूसरे के खिलाफ जबरदस्त तरीके से भिड़ंत कर रही है। वहीं, दूसरी ओर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष और टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की अलग डिप्लोमेसी चल रही है। हाल में ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बंगाल दौरे पर गए थे। इसी दौरान अमित शाह सौरव गांगुली के घर पहुंचे थे। सौरव गांगुली ने अमित शाह की खूब मेहमान नवाजी की। अमित शाह ने सौरव गांगुली के घर पर ही अपना डिनर किया। इस दौरान सौरव गांगुली का पूरा परिवार मौजूद था। इसके बाद मीडिया में इस बात की चर्चा होने लगी कि क्या सौरव गांगुली राजनीतिक पिच पर अब बैटिंग करने वाले हैं। खबर तो यह तक चलने लगी कि जल्द ही अब सौरव गांगुली भाजपा में शामिल हो सकते हैं। 

गांगुली ने एक निजी अस्पताल के उद्घाटन कार्यक्रम में कहा, हमारी माननीय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मेरी बहुत करीबी हैं। मैंने इस संस्थान की मदद के लिए उनसे संपर्क किया था। पूर्व क्रिकेटर ने कहा, मैं फिरहाद हकीम के भी बहुत करीब हूं। वह मुझे तब से देख रहे हैं जब मैं पहली कक्षा में था। वह हमारे पारिवारिक मित्र हैं। जो भी उससे संपर्क करता है उसे मदद मिलती है। मैंने भी उन्हें कई बार फोन किया है। शाह के शुक्रवार को गांगुली के आवास पर जाने से यह अटकलें तेज हो गई थीं कि पूर्व क्रिकेटर जल्द ही राजनीति में हाथ आजमा सकते हैं। हालांकि रात्रिभोज को एक करीबी पारिवारिक संबंध बताया गया, जिसकी गांगुली, उनकी पत्नी डोना गांगुली, सौरव के बड़े भाई स्नेहाशीष गांगुली और परिवार के अन्य सदस्यों ने मेजबानी की।

इसे भी पढ़ें: अमित शाह के साथ रात्रिभोज के एक दिन बाद सौरव गांगुली ने दीदी की जमकर तारीफ की, बोले- मेरी बहुत करीबी हैं ममता बनर्जी

शाह के साथ भाजपा के विचारक स्वप्न दासगुप्ता, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार और पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी भी थे। अटकलों से वाकिफ गांगुली ने शुक्रवार को कहा था, कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं...लेकिन मैं उन्हें (शाह को) 2008 से जानता हूं। क्रिकेट खेलते वक्त मैं उनसे मिलता था. इससे ज्यादा कुछ नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड में शाह के पुत्र जय शाह के साथ काम किया है। जय शाह बीसीसीआई के सचिव हैं।

प्रमुख खबरें

Hijab विवाद पर BJP बोली: पहनावा तय करना अदालत का काम नहीं, स्कूल प्रशासन ले फैसला

Nepal Flood Updates: 22 की मौत, सैकड़ों लापता; नेपाल दूतावास ने जारी किया बयान

UP के Badaun में पुलिस टीम पर पथराव के बाद 8 लोग गिरफ्तार, 2 FIR दर्ज

FSSAI ने Aerocity के JW Marriott और Andaz होटल को भेजा नोटिस, मिली थीं कई खामियां