By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 08, 2019
मुजफ्फरनगर। अनुच्छेद 370 के तहत जम्मू-कश्मीर से विशेष राज्य का दर्जा वापस लेने के एक दिन बाद, उत्तर प्रदेश के एक भाजपा विधायक ने यह कहकर विवाद पैदा कर दिया है कि अब पार्टी के कार्यकर्ता जम्मू कश्मीर जा सकते हैं और वहां की ‘गोरी’ लड़कियों से शादी कर सकते हैं।
खतौली से विधायक विक्रम सिंह सैनी ने कहा, ‘‘मोदीजी ने हमारा सपना पूरा कर दिया है। समूचा देश खुश है। मैंने एक हकीमजी को फोन कर जम्मू कश्मीर में जमीन खरीदने में मदद करने के लिए कहा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ सभी उत्सुक कार्यकर्ता अब जम्मू कश्मीर जा सकते हैं और वहां की गोरी लड़की से शादी कर सकते हैं। हमें इसमें कोई दिक्कत नहीं है।’’
इसे भी पढ़ें: अनुच्छेद 370: ब्रिटेन ने जताई चिंता, शांति बनाए रखने की अपील दोहराई
सैनी ने कहा, ‘‘ हिन्दू और मुस्लिम कार्यकर्ताओं को फैसले से खुश होना चाहिए और जम्मू कश्मीर की गोरी लड़कियों से शादी करनी चाहिए।’’ भाजपा विधायक ने कहा कि अगर जम्मू कश्मीर की लड़की राज्य से बाहर शादी कर लेती है तो उसके स्थायी निवास के दर्ज से उसे वंचित कर दिया जाता था। यह उसपर अत्याचार था।