By सिमरन सिंह | Oct 23, 2020
कहा जाता है कि अगर खानपान को लेकर सही तरह का ज्ञान न हो तो फायदेमंद आहार भी हमारे शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। कई ऐसी खाने की चीजें होती हैं जिनके साथ या आगे-पीछे कोई अन्य चीज को नहीं खाना चाहिए, वरना बाद में इसका असर बुरा भी हो सकता है। इन्हीं में से एक दूध भी है, जिसे हर किसी चीज के साथ सेवन नहीं किया जा सकता है। दूध में प्रोटीन, पोटैशियम, मैग्नीशियम समेत विटामिन ए, बी1, बी2, बी12 और डी मौजूद होते हैं।
आयुर्वेद में इसका काफी महत्व होता है। आयुर्वेद के अनुसार दूध के साथ कई चीजों का सेवन करना मना है, क्योंकि इससे शरीर में एसिड बनने की समस्या हो सकती है जो हमारे लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। आज हम आपको कुछ ऐसी ही चीजों के बारे में बताने जा रहे हैं जिन्हें भूलकर भी दूध के साथ सेवन नहीं करना चाहिए, आइए जानते हैं...
दूध और मछली
कभी भी दूध और मछली एक साथ नहीं खाना चाहिए। मछली खाने के एकदम आगे-पीछे के समय पर भी दूध का सेवन नहीं करना चाहिए। चिकित्सकों के अनुसार दूध अपने आप में ही पूर्ण हैं। इसलिए दूध को किसी भी अन्य तरह के प्रोटीन जैसे- मीट, मछली, अंडा आदि के साथ सेवन नहीं करना चाहिए। इस तरह से सेवन करने पर पाचन-तंत्र पर काफी दबाव पड़ता है और फिर हमें कई तरह की बीमारियां अपना शिकार बना लेती हैं। बता दें कि दूध में कई पोषक तत्व मौजूद होने के कारण इसे पचने के लिए ज्यादा समय लगता है। इसलिए ध्यान रहे कि सोने से पहले दूध का सेवन न करें।
दूध और फल
आज के समय में ज्यादातर लोग दूध के साथ कई फलों को मिलाकर सेवन करते हैं। अगर आयुर्वेद की मानें तो केला, संतरा, स्ट्रॉबेरी, पाइनएप्पल जैसे फलों को दूध में मिलाकर नहीं पीना चाहिए। इससे पाचन प्रक्रिया के दौरान पेट में गर्मी बढ़ जाती है। दूध और फल दोनों की प्रकृति पूर्ण तौर पर एक दूसरे के विपरीत होती है, जिससे पाचन-तंत्र पर बुरा प्रभाव पड़ता है। इसके अलावा एलर्जी और सर्दी-खांसी-जुखाम जैसी कई समस्या होने की संभावना रहती है।
दही
यूं तो दही और दूध का किसी तरह का कोई मेल नहीं है, लेकिन फिर भी कुछ लोग दूध और दही का शर्बत या शिकंजी बनाते हैं। इसके अलाव कुछ लोग दूध और दही को मिलाकर चिवड़ा भी खाते हैं। इस तरह से दूध और दही को साथ सेवन करने पर आपके शरीर को नुकसान पहुंच सकता है।
मूली
आप ये तो जानते ही होंगे कि मूली खाने के बाद पानी का सेवन नहीं करना चाहिए, इससे गला खराब या खांसी की समस्या होने की संभावना रहती है। ऐसे ही दूध को भी मूली के साथ नहीं पीना चाहिए। इस तरह से सेवन करना पानी की तुलना में कहीं ज्यादा हानिकारक साबित हो सकता है। ध्यान रहें मूली के पराठे या सब्जी खाने के साथ भी दूध का सेवन नहीं करना चाहिए।
चेरी
अक्सर लोग मिल्क शेक के साथ चेरी मिलाकर खाना ज्यादा पसंद करते हैं। वहीं, आयुर्वेद में दोनों का साथ सेवन करना वर्जित माना गया है। हालांकि आप चेरी खाने के 2 घंटे बाद इसका सेवन कर सकते हैं।
तरबूज के साथ या बाद में न पिएं दूध
तरबूज का सेवन गर्मियों में किया जाता है। इससे शरीर में हो रही पानी की कमी भी दूर हो जाती है। इस फल को समर डाइट में काफी हेल्दी माना जाता है। इसका चाट या जूस बनाकर बहुत से लोग सेवन करते हैं। चिकित्सकों के अनुसार जो लोग तरबूज और दूध को साथ खाते हैं उनके शरीर को नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए ध्यान रहें कि आपको तरबूज के साथ कभी भी दूध का सेवन नहीं करना है।
खट्टे फल
आयुर्वेद के अनुसार दूध के साथ खट्टे फलों का सेवन नहीं करना चाहिए, जैसे- नींबू, संतरा, ग्रीन एप्पल, इमली, आडू, आवंला और अनानास के साथ दूध न पीएं। वरना आपको पेट से संबंधित कई समस्याएं होने की संभावना रहती है। अगर आप दूध का सेवन करना चाहते हैं तो खट्टे फल खाने के 2 से 3 घंटे बाद आप इसे पी सकते हैं।
- सिमरन सिंह