Manila में Modi ने पलटा पूरा गेम, India का Global Power वाला रूप देखकर China परेशान

PM Modi Manila
ANI

हम आपको बता दें कि आज मनीला पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। मनीला अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका स्वागत फिलीपीन्स के सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव रॉबर्ट जोसेफ 'जे' मोंटेस डी क्लारो ने किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज फिलीपीन्स पहुँचे तो एक बड़े वैश्विक नेता के रूप में उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान भारतीय समुदाय का जोश देखते ही बन रहा था। अपने लोकप्रिय नेता को अपने बीच में पाकर भारतीय समुदाय बेहद खुश था। साथ ही मोदी की इस यात्रा पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हुई हैं और इसकी वजह सिर्फ भारत और फिलीपीन्स के द्विपक्षीय संबंध नहीं, बल्कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र में तेजी से बदलते रणनीतिक और सामरिक समीकरण भी हैं। आसियान शिखर सम्मेलन से लेकर क्वॉड की बैठक तक, मनीला में दुनिया के कई बड़े नेता जुट रहे हैं और इन सभी के बीच प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी विशेष महत्व रखती है। देखा जाये तो चीन की बढ़ती चुनौती, अमेरिका की रणनीति और वैश्विक घटनाक्रमों के बीच भारत आज ऐसी स्थिति में पहुंच चुका है, जहां अंतरराष्ट्रीय विवादों और शक्ति संतुलन को प्रभावित करने में उसकी भूमिका लगातार बड़ी होती जा रही है। यही वजह है कि मनीला में हर किसी की नजर प्रधानमंत्री मोदी पर है।

हम आपको बता दें कि आज मनीला पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। मनीला अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका स्वागत फिलीपीन्स के सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव रॉबर्ट जोसेफ 'जे' मोंटेस डी क्लारो ने किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए भारतीय प्रधानमंत्री का स्वागत किया गया। भारतीय समुदाय में भी उनके आगमन को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। इस दौरान पूरा क्षेत्र मोदी मोदी के नारों से गूँज उठा। यह प्रधानमंत्री मोदी की 2017 के बाद फिलीपीन्स की दूसरी यात्रा है। फिलीपीन्स के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने भी इस यात्रा को दोनों देशों के संबंधों को नई ऊंचाई देने का अवसर बताया है।

देखा जाये तो इस यात्रा का महत्व इसलिए कहीं अधिक है क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी एक ऐसे समय में मनीला पहुंचे हैं, जब दक्षिण चीन सागर में चीन की बढ़ती गतिविधियां, समुद्री रास्तों की सुरक्षा, अमेरिका और चीन के बीच रणनीतिक प्रतिस्पर्धा तथा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शक्ति संतुलन दुनिया की सबसे बड़ी कूटनीतिक चुनौतियों में शामिल हैं।

आसियान और पूर्वी एशिया सम्मेलन में भारत की निर्णायक मौजूदगी

हम आपको बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा का मुख्य कार्यक्रम 17 नवंबर को होने वाला 23वां आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वां पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन है। आसियान के 11 सदस्य देशों के साथ भारत के संबंधों को नई दिशा देने के लिहाज से ये दोनों सम्मेलन बेहद महत्वपूर्ण हैं। भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी और हिंद-प्रशांत दृष्टिकोण में आसियान की केंद्रीय भूमिका है। अब भारत इस साझेदारी को केवल व्यापार तक सीमित नहीं रखना चाहता, बल्कि समुद्री सुरक्षा, रक्षा सहयोग, डिजिटल तकनीक, कनेक्टिविटी और रणनीतिक साझेदारी के व्यापक दायरे में आगे बढ़ा रहा है।

इसे भी पढ़ें: President Ferdinand Marcos के गाला डिनर में पहुंचे PM मोदी, हिंद-प्रशांत संबंधों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान पर जोर

इस यात्रा के दौरान फिलीपीन्स के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर की ओर से आयोजित रात्रिभोज में प्रधानमंत्री मोदी की भागीदारी होगी। इसके अलावा दोनों नेताओं की द्विपक्षीय बातचीत भी प्रस्तावित है। इस बातचीत में रक्षा सहयोग, आर्थिक साझेदारी, तकनीक, निवेश और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे विषयों पर चर्चा महत्वपूर्ण रहेगी। फिलीपीन्स के साथ भारत के रक्षा संबंधों में ब्रह्मोस मिसाइल समझौता पहले ही एक महत्वपूर्ण पड़ाव बन चुका है। अब दोनों देश रक्षा उत्पादन, सैन्य सहयोग और समुद्री निगरानी के क्षेत्र में भी साझेदारी को विस्तार दे सकते हैं।

यहां एक महत्वपूर्ण बात समझने की जरूरत है। फिलीपीन्स दक्षिण चीन सागर में चीन की आक्रामक गतिविधियों का सामना कर रहा है। इस समुद्री क्षेत्र पर चीन के दावों और फिलीपीन्स के साथ उसके टकराव ने पूरे हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा को प्रभावित किया है। ऐसे में भारत की भूमिका फिलीपीन्स के लिए बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है। भारत के पास अपनी मजबूत नौसैनिक क्षमता है, हिंद महासागर में व्यापक रणनीतिक उपस्थिति है और दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों के साथ उसके संबंध लगातार मजबूत हुए हैं। भारत का सहयोग इस क्षेत्र में सुरक्षा के नए समीकरण तैयार कर सकता है।

क्वॉड सम्मेलन: चीन की रणनीतिक चुनौती के बीच भारत की अहमियत

साथ ही मनीला में होने वाली इस यात्रा का एक और बड़ा आकर्षण क्वॉड नेताओं की प्रस्तावित बैठक है। भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के इस समूह की बैठक करीब दो वर्षों के अंतराल के बाद होने जा रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंगलवार को मिलने की संभावना है।

यह बैठक इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि क्वॉड अब केवल चार देशों के बीच कूटनीतिक संवाद का मंच नहीं रह गया है। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति, तकनीकी सहयोग, ऊर्जा सुरक्षा और व्यापारिक समुद्री मार्गों की निर्बाध आवाजाही जैसे विषय इसके केंद्र में हैं।

दक्षिण चीन सागर में चीन की बढ़ती सैन्य और रणनीतिक गतिविधियों के बीच क्वॉड की सक्रियता का विशेष महत्व है। दुनिया के बड़े व्यापारिक मार्गों की सुरक्षा और समुद्री क्षेत्र में नियम आधारित व्यवस्था बनाए रखने के लिए चारों देशों का सहयोग जरूरी है। इस पूरी रणनीति में भारत की भौगोलिक स्थिति और नौसैनिक क्षमता उसे एक विशिष्ट स्थान देती है।

अमेरिका के लिए भी भारत का महत्व लगातार बढ़ा है। ट्रंप और मोदी की संभावित मुलाकात ऐसे समय हो रही है, जब दोनों देशों के बीच व्यापार और टैरिफ को लेकर कई चुनौतियां सामने आई हैं। इसके बावजूद हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा और चीन के बढ़ते प्रभाव को लेकर भारत-अमेरिका सहयोग की जरूरत बनी हुई है।

चीन की नजर भी मनीला पर

इसके अलावा, मनीला में चीन की मौजूदगी और उसकी रणनीतिक चिंताएं भी इस सम्मेलन को महत्वपूर्ण बना रही हैं। चीनी प्रधानमंत्री ली च्यांग की आसियान बैठकों में भागीदारी के बीच दक्षिण चीन सागर का विवाद प्रमुख मुद्दा बना हुआ है। चीन और आसियान देशों के बीच समुद्री आचार संहिता को लेकर बातचीत जारी है, लेकिन क्षेत्रीय दावों और विवादों के कारण अंतिम सहमति अभी दूर है।

यही वह परिस्थिति है जिसमें भारत की कूटनीतिक भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। भारत चीन के साथ अपने संबंधों को संभालते हुए फिलीपीन्स, जापान, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका के साथ रणनीतिक साझेदारी को भी मजबूत कर रहा है। भारत की यह स्वतंत्र और प्रभावशाली विदेश नीति उसे क्षेत्रीय शक्ति संतुलन में महत्वपूर्ण स्थान देती है।

दुनिया की नजरें मोदी पर क्यों?

साथ ही मनीला में जुट रहे नेताओं के सामने केवल आसियान देशों के आपसी संबंधों का एजेंडा नहीं है। यूक्रेन युद्ध, पश्चिम एशिया का संकट, चीन की विस्तारवादी रणनीति, वैश्विक व्यापार में अनिश्चितता और समुद्री सुरक्षा जैसे अनेक मुद्दे अंतरराष्ट्रीय राजनीति को प्रभावित कर रहे हैं। ऐसे समय में भारत एक ऐसी शक्ति के रूप में उभरा है, जिसके साथ अमेरिका और पश्चिमी देश भी काम करना चाहते हैं और एशिया के देश भी अपने भविष्य की रणनीति में भारत को महत्वपूर्ण स्थान दे रहे हैं।

देखा जाये तो भारत की बढ़ती आर्थिक शक्ति, सैन्य क्षमता, तकनीकी प्रगति और प्रधानमंत्री मोदी की वैश्विक नेताओं के साथ सक्रिय कूटनीति ने उसकी अंतरराष्ट्रीय हैसियत को नई पहचान दी है। भारत अब अनेक महत्वपूर्ण घटनाक्रमों की दिशा तय करने वाली शक्तियों में शामिल है। मनीला की यह यात्रा इसी बदलाव का प्रतीक है। आसियान सम्मेलन हो, पूर्वी एशिया शिखर बैठक हो या क्वॉड की संभावित बैठक, हर मंच पर भारत की मौजूदगी का अपना महत्व है। बहरहाल, प्रधानमंत्री मोदी की एक-एक मुलाकात, बातचीत और रणनीतिक पहल पर दुनिया की निगाहें इसलिए टिकी हैं क्योंकि हिंद-प्रशांत का भविष्य तय करने में भारत की भूमिका को अब नजरअंदाज करना संभव नहीं है।

-नीरज कुमार दुबे

All the updates here:

अन्य न्यूज़