By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 19, 2024
तिरुवनंतपुरम। केरल के कई हिस्सों में बारिश होने के कारण अधिकारियों ने रविवार को लोगों खासकर पहाड़ी और तटीय इलाकों में रहने वालों सेसतर्कता बरतने का आग्रह किया। मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार को लेकर पथानामथिट्टा, कोट्टायम और इडुक्की जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और चार अन्य जिलों तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, अलाप्पुझा और एर्नाकुलम के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए एर्नाकुलम और कोट्टायम जिलों में खुदाई करने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। तिरुवनंतपुरम के दक्षिणी जिले में शनिवार रात भारी बारिश हुई, जिससे शहर और उसके उपनगरों में जल भराव होने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ। समाचार चैनलों पर दिखाये गए दृश्यों से पता चला कि कुछ हिस्सों में घरों और दुकानों में पानी भर गया है। ‘स्मार्ट सिटी रोड’ का काम पूरा नहीं होने से कई जगहों पर जल भराव की स्थितिहो गयी है| कुछ क्षेत्रों में, राजधानी शहर और उसके उपनगरों को पार करने वाली नहरें उफान पर हैं। जलभराव से प्रभावित लोगों ने आरोप लगाया कि नहरों और जल निकासी प्रणालियों की मानसून पूर्व सफाई के अभाव के कारण राजधानी शहर और उसके उपनगरों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हुई।