By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 20, 2019
कोलकाता। ईस्ट बंगाल ने पुलवामा में हुए आतंकवादी हमले के मद्देनजर अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) से मंगलवार को एक बार फिर से रीयल कश्मीर के खिलाफ 28 फरवरी को श्रीनगर में होने वाले मैच को टालने की गुजारिश की। टीम ने हालांकि कहा कि अगर एआईएफएफ उनकी मांग को नहीं मानेगा और मैच करने पर अड़ा रहा तो टीम 28 फरवरी को श्रीनगर जाएगी। वे इस मामले में कानून की मदद नहीं लेंगे। ईस्ट बंगाल के अधिकारी देवव्रत सरकार ने कहा, ‘‘हम एआईएफएफ से मानवीय आधार पर इस पर विचार करने की अपील कर रहे हैं। खिताबी दौड़ में शामिल टीम ऐसी परिस्थितियों में नहीं खेल सकती।
इसे भी पढ़े: मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में भारतीय खिलाड़ी ने लगाई स्वर्ण पदक की हैट्रिक
ईस्ट बंगाल 16 मैचों के 32 अंकों के साथ आई-लीग तालिका में दूसरे स्थान पर है। वह शीर्ष पर काबिज चेन्नई सिटी एफसी से पांच अंक पीछे है। रीयल कश्मीर समान अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। पुलवामा में 14 फरवरी को सीआरपीएफ के काफिले पर आतंकवादी हमले के बाद सुरक्षा कारणों से मौजूदा चैम्पियन मिनर्वा पंजाब एफसी ने सोमवार को श्रीनगर में मैच खेलने से मना कर दिया था।