By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 01, 2022
ब्रसेल्स। यूरोपीय संघ के शीर्ष अधिकारियों ने चीन के प्रधानमंत्री ली केकियांग के साथ शुक्रवार को वार्ता शुरू की। यह 27 देशों का समूह बीजिंग से आश्वासन चाहता है कि वह यूक्रेन पर हमले को लेकर रूस पर लगाए आर्थिक प्रतिबंधों से उसे बचाने में मदद नहीं करेगा। डिजिटल माध्यम से हो रही इस शिखर वार्ता में यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष चार्ल्स माइकल, आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वोन देर लेयेन और यूरोपीय संघ की विदेश नीति के प्रमुख जोसेफ बोरेल चीनी राष्ट्रपति और कम्युनिस्ट पार्टी के नेता शी चिनफिंग से वार्ता करेंगे।
यूरोपीय संघ के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को नाम न उजागर करने की शर्त पर पत्रकारों को बताया, ‘‘हम चीन से आश्वासन चाहते हैं कि उसका इस युद्ध के दौरान रूस को आर्थिक या अन्य सहायता देने का कोई इरादा नहीं है।’’ चीन के विदेश मंत्री झाओ लिजियान ने शुक्रवार को नियमित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जहां तक यूक्रेन की बात है तो चीन को ‘‘कोई एक पक्ष चुनने या दोस्त या दुश्मन जैसा सरल रुख अपनाने के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा। हम खासतौर से शीत युद्ध की विचाराधारा का विरोध करते हैं।’’ उन्होंने रूस के खिलाफ आर्थिक प्रतिबंधों को लेकर चीन के विरोध को दोहराते हुए कहा कि इनसे अंत में समस्याओं का समाधान नहीं होगा, बल्कि नयी समस्याएं पैदा होंगी।