वरिष्ठ आदिवासी नेता हीरा सिंह मरकाम का 79 वर्ष की उम्र में निधन

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 29, 2020

कोरबा। छत्तीसगढ़ में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के संस्थापक और पूर्व विधायक हीरा सिंह मरकाम का निधन हो गया है। वह 79 वर्ष के थे। पार्टी की छत्तीसगढ़ इकाई के उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह मरकाम ने बुधवार को बताया कि हीरा सिंह मरकाम पिछले कुछ समय से बीमार थे तथा उन्हें बिलासपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 

इसे भी पढ़ें: गुजराती अभिनेता नरेश कनोडिया का 77 वर्ष की आयु में निधन, PM मोदी ने जताया दुख 

उपाध्यक्ष के अनुसार उन्होंने बुधवार शाम छह बजे अंतिम सांस ली। उनके परिवार में पत्नी और दो पुत्र हैं। मध्य छत्तीसगढ़ के प्रमुख आदिवासी नेता हीरा सिंह मरकाम अविभाजित मध्यप्रदेश के तानाखार विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर पहली बार वर्ष 1985 में विधायक चुने गए थे। बाद में वर्ष 1991 में उन्होंने गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के नाम से नई पार्टी का गठन कर लिया था। वह कोरबा जिले के तानाखार विधानसभा से वर्ष 1996 और 1998 में विधायक चुने गए। 

इसे भी पढ़ें: तेलंगाना के पहले गृहमंत्री नरसिम्हा रेड्डी का निधन, मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया 

कुलदीप सिंह ने बताया कि पार्टी की स्थापना के बाद से ही हीरा सिंह मरकाम उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। कुछ समय पहले ही उन्होंने अपने बड़े बेटे तुलेश्वर सिंह मरकाम को अपना कार्यभार सौंपा था। उन्होंने बताया कि हीरा सिंह मरकाम का अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार को उनके पैतृक ग्राम कोरबा जिले के तिवरता गांव में किया जाएगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वरिष्ठ आदिवासी नेता हीरा सिंह मरकाम के निधन पर गहरा दुःख प्रकट किया है। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री बघेल ने मरकाम के शोकसंतप्त परिवारजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।

प्रमुख खबरें

ये छोटे सूअर...देसी अंदाज में Europe के नेताओं पर बुरी तरह भड़के पुतिन

Ashes: Joe Root के खिलाफ Pat Cummins का शानदार प्रदर्शन जारी, टेस्ट में 12वीं बार किया आउट

27 दिसंबर को बुलाई गई कांग्रेस कार्य समिति की बैठक, वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर होगी चर्चा

मोदी के स्वागत में ओमान ने उतार दी पूरी फौज, मिला गार्ड ऑफ ऑनर, Deputy PM भी पहुंचे!