By रेनू तिवारी | Sep 09, 2025
पुणे में 18 वर्षीय आयुष कोमकर की हत्या मामले में उसके नाना बंडू आंदेकर सहित छह अन्य लोग गिरफ्तार किए गए हैं, जिससे कुल गिरफ्तारियां आठ हो गई हैं। यह हत्या राकांपा नेता वनराज आंदेकर की पिछली साल हुई हत्या का प्रतिशोध मानी जा रही है, जिसमें आयुष के पिता आरोपी हैं। पुलिस इस जटिल पारिवारिक रंजिश और अपराध श्रृंखला की तह तक जा रही है, जिसमें संपत्ति विवाद भी एक प्रमुख कारण है।
आयुष की पांच सितंबर की शाम नाना पेठ इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने बताया, ‘‘हमने बंडू आंदेकर और तीन अन्य को बुलढाणा जिले के मेहकर से गिरफ्तार किया, जब वे फरार होने की कोशिश कर रहे थे। दो अन्य आरोपियों को पुणे से गिरफ्तार किया गया।’’ वनराज की बहन संजीवनी और आयुष के पिता गणेश कोमकर भी राकांपा नेता की हत्या के आरोपी हैं।
पुलिस ने पहले बताया था कि पिछले साल एक सितंबर को इसी इलाके में कथित तौर पर संपत्ति के विवाद के कारण वनराज की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि आयुष की हत्या की साजिश कथित तौर पर वनराज के पिता बंडू आंदेकर और अन्य रिश्तेदारों ने रची थी। पुलिस ने पांच सितंबर को आयुष पर हुए हमले के सिलसिले में पहले भी यश पाटिल और अमित पाटोले को गिरफ्तार किया था। गणेश कोमकर, संजीवनी और अन्य वनराज की हत्या के मामले में न्यायिक हिरासत में हैं।