Faridabad में मृत व्यक्ति को जमानती बनाकर हत्यारोपियों ने ली बेल, Court ने रद्द कर दिए आदेश

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 13, 2026

पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में हत्या के दो आरोपियों में से एक की जमानत के लिए तीन साल पहले मर चुके एक व्यक्ति को जीवित दिखाकर जमानती के रूप में पेश किया गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, जमानत हासिल करने के लिए जमा कराए गए दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान इस धोखाधड़ी का खुलासा हुआ।

इसके बाद अदालत ने दोनों आरोपियों की जमानत रद्द कर दी और फर्जी जमानती की व्यवस्था करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज करने का आदेश दिया। यह कार्रवाई अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सुरेंद्र कुमार की अदालत में पुलिस द्वारा सत्यापन रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद की गई। अदालत के निर्देश पर केंद्रीय थाने में दोनों आरोपियों और कथित तौर पर फर्जी जमानती बनने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

यह मामला फरीदाबाद के डबुआ थाने में दर्ज हत्या के एक मामले से जुड़ा है। प्राथमिकी के अनुसार, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने आठ अक्टूबर 2026 को आरोपियों मनोज भगत और राजू मंडल को जमानत दी थी। इसके बाद जुनहेड़ा गांव के निवासी विष्णु दत्त ने 15 अक्टूबर को भगत की ओर से जमानत के दस्तावेज जमा कराए।

अगले दिन गुरुग्राम के मोलाहेड़ा गांव के निवासी राम प्रसाद ने मंडल की ओर से वाहन का पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी) सहायक दस्तावेज के रूप में लगाकर जमानत के कागजात जमा किए। अदालत ने संबंधित थाना प्रभारी को आरोपियों की ओर से दिए गए दस्तावेजों और पतों का सत्यापन करने का निर्देश दिया। पुलिस के अनुसार, सत्यापन के दौरान डीएलएफ अपराध शाखा को पता चला कि भगत के जमानती के रूप में दिखाए गए विष्णु दत्त की नौ जुलाई 2023 को ही मृत्यु हो चुकी थी।

किसी अन्य व्यक्ति ने कथित तौर पर उसकी पहचान अपनाकर जाली दस्तावेज जमा किए थे। वहीं, मंडल के मामले में वाहन के वास्तविक मालिक ने पुलिस को बताया कि उसने आरोपी की जमानत नहीं ली थी। इसके बजाय राम प्रसाद नाम के एक व्यक्ति ने कथित तौर पर जाली आधार कार्ड और फर्जी वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र का इस्तेमाल कर दस्तावेज जमा किए थे।

पुलिस के अनुसार, राम प्रसाद का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने बताया कि इन तथ्यों के सामने आने के बाद अदालत ने दोनों आरोपियों की जमानत रद्द कर उन्हें हिरासत में लेने का आदेश दिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, अदालत के निर्देश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और धोखाधड़ी में शामिल लोगों की पहचान करने तथा उनकी भूमिका का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

छापे मारे जा रहे हैं और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

प्रमुख खबरें

Indian Women Hockey Team में कई पोजीशन पर खेल सकने वाले खिलाड़ी तैयार कर रहे Sjoerd Marijne

PM Modi बोले, भारत के प्रयासों से Yoga को मिली वैश्विक पहचान

Nvidia के पूर्व CEO Jensen Huang से जुड़े जासूसी विवाद पर Taiwan में नाराजगी

Saudi Arabia की सुरक्षा के लिए सभी रक्षात्मक कदम उठाएगा Pakistan, सैन्य प्रवक्ता का बड़ा बयान