By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 13, 2026
(सज्जाद हुसैन) इस्लामाबाद, 13 नवंबर पाकिस्तान के एक शीर्ष सैन्य अधिकारी ने कहा है कि उनका देश सऊदी अरब की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक रक्षात्मक कदम उठाने को तैयार है। क्षेत्र में बढ़ते तनाव और हाल के महीनों में यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब के तेल प्रतिष्ठानों और हवाई अड्डों पर किए गए कई हमलों के बीच पाकिस्तान के सैन्य प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने यह बात कही। द एक्सप्रेस ट्रिब्यून समाचार पत्र की खबर के अनुसार, चौधरी ने बुधवार को एक सऊदी समाचार पत्र को दिए साक्षात्कार में कहा कि सऊदी अरब की सुरक्षा, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति इस्लामाबाद की प्रतिबद्धता पूर्ण और अटल है।
उन्होंने कहा, मौजूदा परिस्थितियों और सऊदी अरब तथा पाकिस्तान के बीच संयुक्त रणनीतिक रक्षा समझौते एवं मक्का गठबंधन के आधार पर पाकिस्तान साम्राज्य की रक्षा के लिए सभी आवश्यक रक्षात्मक कदम उठाने को तैयार है। पाकिस्तान और सऊदी अरब ने पिछले साल सितंबर में रियाद में रणनीतिक पारस्परिक रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। इसके तहत दोनों देशों ने संकल्प लिया था कि किसी एक पर हमला दोनों देशों के खिलाफ आक्रमण माना जाएगा।
बाद में दोनों देशों ने तुर्किये के साथ मिलकर मक्का संयुक्त रक्षा समझौते पर भी हस्ताक्षर किए, जिसके तहत किसी तीसरे देश के हमले की स्थिति में एक-दूसरे का साथ देने की बात कही गई है। चौधरी ने कहा कि समझौतों को लागू करने के लिए सऊदी अरब में सहमत सैन्य बलों और संसाधनों की तेजी से तैनाती, सैन्य तैयारियों का स्तर बढ़ाने, खुफिया जानकारी साझा करने और रक्षात्मक अभियानों में समन्वय जैसे कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सैनिक पहले से ही सऊदी अरब में तैनात हैं और मुख्य रूप से रक्षात्मक सहायता देने के साथ सैन्य अभ्यास एवं युद्धाभ्यास में हिस्सा लेते हैं।
पाकिस्तान सैन्यकर्मियों, प्रशिक्षण और रसद सहायता सहित जरूरी सहयोग जारी रखेगा। हालांकि, उन्होंने अतिरिक्त सैनिकों या हवाई एवं मिसाइल रक्षा प्रणालियों की तैनाती के बारे में कोई ब्योरा नहीं दिया। चौधरी ने सऊदी अरब के हवाई अड्डों, शहरों और नागरिक एवं आर्थिक बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की निंदा करते हुए कहा कि ये हमले उसकी संप्रभुता और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए खतरा हैं।
उन्होंने कहा, सऊदी अरब और दो पवित्र मस्जिदों की सुरक्षा सर्वोच्च और अटल प्राथमिकता है।