मुंबई की पांच मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, पांच लोगों ने की दम घुटने की शिकायत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 13, 2019

मुंबई। मुंबई के ग्रांट रोड इलाके में पांच मंजिल की एक व्यावसायिक इमारत में रविवार को भीषण आग लग गई। घटना में एक दमकल कर्मी सहित पांच लोगों ने दम घुटने की शिकायत की, जबकि एक दमकल कर्मी घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दमकल विभाग को सुबह करीब छह बजे ‘आदित्य आर्केड’इमारत में आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस के साथ दमकल विभाग का दल मौके पर पहुंचा। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि जैसे ही आग लगी, परिसर में धुंआ भर गया। वहां मौजूद लोगों में से कुछ ने दम घुटने की शिकायत की। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आग इमारत के भूतल और पहली मंजिल तक फैल गई।

उन्होंने बताया कि 10 दमकल वाहन, पानी के 15 टैंकर, 10 बड़े टैंकर, चार त्वरित प्रतिक्रिया वाहन, एक बचाव वाहन और दो टर्न-टेबल लैडर मौके पर भेजे गए। उन्होंने कहा, ‘‘एक दमकलकर्मी सहित पांच व्यक्तियों ने दम घुटने की शिकायत की, जबकि बचाव अभियान के दौरान एक दमकलकर्मी के हाथ पर चोटें आईं। सभी छह लोगों को अस्पताल ले जाया गया।’’उन्होंने कहा, ‘‘उनकी हालत स्थिर है।’’मुख्य अग्नि शमन अधिकारी पी एस रहंगदले ने बताया, ‘‘आग की सूचना सुबह छह बजकर छह मिनट पर मिली। यह स्तर-4 की आग थी। आग पर काबू पा लिया गया है और बचाव अभियान जारी है। अभी तक किसी की जान जाने की सूचना नहीं है।’’ उन्होंने कहा कि आग के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

प्रमुख खबरें

UAPA मामला: जम्मू-कश्मीर के बारामूला में कई स्थानों पर पुलिस की छापेमारी, मोबाइल और लैपटॉप जब्त

Love Horoscope For 9 July 2026 | आज का प्रेम राशिफल 9 जुलाई 2026 | प्रेमियों के लिए कैसा रहेगा आज का दिन

Muslim Personal Law भी नहीं दे सकता बाल विवाह को मंजूरी, Allahabad High Court का ऐतिहासिक फैसला, PCMA, POCSO Act देश के हर नागरिक पर समान रूप से लागू

हैदराबाद: जायदाद के लिए पति की हत्या, पत्नी, प्रेमी और एक साथी गिरफ्तार