चक्रवाती तूफान Tauktae का असर, कर्नाटक में 73 गांव प्रभावित चार की मौत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 16, 2021

बेंगलुरू।  चक्रवात तौकते कर्नाटक के तटीय और मलनाड जिले के आसपास कहर बरपा रहा है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि राज्य में अभी तक इस चक्रवात के कारण चार लोगों की मौत हुई है। कर्नाटक राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारियों द्वारा रविवार सुबह जारी स्थिति रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण कन्नड़, उडुपी, उत्तर कन्नड़, कोडागु, शिवमोगा, चिकमंगलुरू और हासन जिलों के 73 गांव और 17 तालुका चक्रवात से अभी तक प्रभावित हुए हैं।

इसे भी पढ़ें: योगी आदित्यनाथ ने किया गौतम बुद्ध नगर का दौरा, टीकाकरण मुहिम का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री के दफ्तर ने एक बयान में कहा कि येदियुरप्पा ने तटीय जिलों के प्रभारी मंत्रियों तथा उपायुक्तों से रविवार को बात की और स्थिति का जायजा लिया। बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने उनसे चक्रवात से प्रभावित इलाकों का दौरा करने और राहत और बचाव कार्य शुरू करने को कहा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य सरकार से किसी भी आपात सहायता की जरूरत पड़ने पर संबंधित मंत्रियों या उन्हें फोन किया जाए। कर्नाटक आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक, रात में मुख्य तौर पर तटीय और मलनाड जिलों में भारी बारिश हुई है।

बयान के मुताबिक, आठ जिलों में भारी बारिश हुई है। इसमें बताया गया कि कर्नाटक के तटीय इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ भारी बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अधिकतर इलाकों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश की चेतावनी दी है। हालांकि, आईएमडी ने कहा कि राज्य में रविवार को तटीय और निकटवर्ती घाट वाले जिलों के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।

प्रमुख खबरें

Delhi High Court ने Jagtar Singh Johal को UAPA के 7 मामलों में दी जमानत

Delhi Crime: राहुल गांधी ने महिला सुरक्षा पर अमित शाह को घेरा, उठाए सवाल

Tejas MK-1A की IAF को डिलीवरी इसी साल होगी शुरू, HAL ने तेज की तैयारी

Danam Nagender की विधायकी रद्द, Telangana High Court ने सुनाया फैसला