By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 22, 2026
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बिहार के वैशाली जिले के दौरे से पहले ‘नीतीश सेतु’ के उद्घाटन के लिए लगाए गए पोस्टर और बैनर कथित तौर पर फाड़ने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, राघोपुर प्रखंड विकास अधिकारी (बीडीओ) की शिकायत के बाद रुस्तमपुर पुलिस थाने में 11 नामजद व्यक्तियों और 100 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
मोदी ने शनिवार को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर बने पुल का उद्घाटन किया। दौरे से पहले पुल के किनारे प्रधानमंत्री की तस्वीरों वाले पोस्टर और बैनर लगाए गए थे। सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे वीडियो में कथित तौर पर स्थानीय लोगों के समूह, जिनमें राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के झंडे लिए बच्चे भी शामिल थे, मोदी की तस्वीरों वाले पोस्टर फाड़ते हुए दिखाई दिए।
हाजीपुर एसडीओ विशाल कुमार ने कहा, “शनिवार शाम राघोपुर बीडीओ द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई और चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।” उन्होंने आगे बताया कि पुलिस बाकी आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए वीडियो फुटेज की जांच कर रही है।