Guru Nanak Dev के 557वें प्रकाशपर्व पर 2339 भारतीय सिख श्रद्धालु Pakistan पहुंचे

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 22, 2026

सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव के 557वें प्रकाशपर्व में शामिल होने के लिए 2,339 भारतीय श्रद्धालुओं का जत्था रविवार को अटारी-वाघा सीमा के रास्ते पाकिस्तान पहुंचा। यहां के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि गुरु नानक देव का प्रकाशपर्व 24 नवंबर को है और उनके जन्म स्थान पाकिस्तान के ननकाना साहिब में आयोजित उत्सव में भारत से 2339 श्रद्धालुओं का जत्था रविवार को पाकिस्तान पहुंचा।

पाकिस्तानी सरकार ने इस अवसर के लिए लगभग 3,000 भारतीय सिख तीर्थयात्रियों को वीजा जारी किए हैं। अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने सिख तीर्थयात्रियों के इस ‘जत्थे’ का नेतृत्व किया। श्रद्धालुओं के इस दल में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की कार्यकारी समिति के सदस्य रविंदर सिंह खालसा और सदस्य परमिंदर कौर, गुरनाम सिंह जस्सल, गुरिंदर कौर भोलूवाला और लखबीर सिंह भी शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि भारत सरकार और पाकिस्तान सरकार ने सीमा पर श्रद्धालुओं की यात्रा संबंधी औपचारिकताओं को तेजी से पूरा करने के लिए पर्याप्त संख्या में सीमा शुल्क और आव्रजन अधिकारियों को तैनात किया है। सीमा के दोनों ओर संबंधित सरकारों द्वारा चिकित्सा शिविर, अस्थायी आवास की सुविधाएं और परिवहन के प्रबंध किए गए हैं। एक भारतीय अधिकारी ने अमृतसर में बताया कि रविवार शाम सभी तीर्थयात्रियों के लाहौर पहुंचने के बाद पाकिस्तानी सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए विशेष वाहनों से उन्हें गुरु नानक देव के जन्मस्थान ननकाना साहिब ले जाया जाएगा।

पाकिस्तान में श्रद्धालुओं के दाखिल होने पर उनका स्वागत ‘इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड’ (ईटीपीबी) के चेयरमैन कमर ज़मान, पंजाब के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री और पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (पीएसजीपीसी)के अध्यक्ष सरदार रमेश सिंह अरोड़ा तथा अन्य अधिकारियों ने किया। ईटीपीबी के प्रवक्ता आमिर हाशमी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि श्रद्धालु पाकिस्तान में कई ऐतिहासिक सिख तीर्थस्थलों के दर्शन करेंगे, जिनमें करतारपुर साहिब भी शामिल है, और एक दिसंबर को भारत लौटेंगे। गड़गज ने स्वर्ण मंदिर से अटारी बॉर्डर की ओर रवाना होने से पहले कहा कि हर समर्पित सिख की रोज़ाना की ‘अरदास’ (प्रार्थना) में यह कामना शामिल होती है कि पाकिस्तान में स्थित ननकाना साहिब और सिखों के अन्य ऐतिहासिक तीर्थस्थलों तक बिना किसी रुकावट के पहुंच मिले, और उनकी उचित देखभाल व रखरखाव हो सके।

उन्होंने कहा कि ये प्रार्थनाएं उस गहरी श्रद्धा और स्नेह को दर्शाती हैं, जो सिखों के मन में इन पवित्र स्थलों के प्रति है। अकाल तख्त के जत्थेदार ने क्षेत्र में शांति और सद्भाव के लिए भी प्रार्थना की, और साथ ही पंजाब के गुरदासपुर में डेरा बाबा नानक को पाकिस्तान के करतारपुर स्थित गुरुद्वारा दरबार साहिब से जोड़ने वाले करतारपुर साहिब गलियारे के यथाशीघ्र खुलने की कामना की। उन्होंने कहा कि पूर्वी और पश्चिमी पंजाब के बीच का बंधन पंजाबी भाषा, संस्कृति और आपसी स्नेह में गहराई से रचा-बसा है।

गड़गज ने एसजीपीसी की आम बैठक में पारित एक प्रस्ताव का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों तरफ की सरकारों को समुदाय की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए सिख ‘जत्थों’ की संख्या बढ़ानी चाहिए, ताकि अधिक श्रद्धालु पड़ोसी देश में स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान जाने के इच्छुक सिखों के लिए ‘आने पर वीजा’ की सुविधा शुरू की जानी चाहिए, ताकि वे अपनी धार्मिक इच्छाएं पूरी कर सकें। एसजीपीसी सचिव बलविंदर कहिलवां ने कहा कि गुरु नानक के जन्मस्थान पर होने वाले समारोहों में शामिल होना सिख श्रद्धालुओं के लिए बड़े सौभाग्य की बात है।

उन्होंने सरकारों से अपील की कि सिख तीर्थयात्रियों की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रक्रियाओं को सरल बनाया जाए, ताकि अधिक श्रद्धालु पवित्र तीर्थस्थलों के दर्शन करने की अपनी चिर-अभिलाषा पूरी कर सकें। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान उच्चायोग ने इस साल एसजीपीसी की सिफारिशों पर 1,822 तीर्थयात्रियों को वीजा जारी किए हैं। हाशमी ने बताया कि वाघा सीमा पर आव्रजन और सामान की जांच की सुविधा के लिए विशेष काउंटर बनाए गए, जबकि सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पाकिस्तान रेंजर्स को तैनात किया गया।

हाशमी ने बताया कि ईटीपीबी ने तीर्थयात्रियों के लिए मुद्रा विनिमय की सुविधा भी उपलब्ध कराई, और उनकी आगे की यात्रा को आसान बनाने के लिए उन्हें पहचान पत्र और बस के टिकट दिए। ईटीपीबी पाकिस्तान सरकार का एक वैधानिक बोर्ड है, जो 1947 के बंटवारे के दौरान पलायन कर गए हिंदुओं और सिखों द्वारा पीछे छोड़ी गई ट्रस्ट संपत्तियों और ज़मीनों का प्रबंधन, नियंत्रण और निपटान करता है। पाकिस्तान में अन्य ऐतिहासिक सिख गुरुद्वारों में फारूकाबाद में गुरुद्वारा सच्चा सौदा, हसन अब्दाल में श्री पंजा साहिब, नारोवाल में गुरुद्वारा करतारपुर साहिब, एमिनाबाद में गुरुद्वारा रोड़ी साहिब और लाहौर में गुरुद्वारा डेहरा साहिब शामिल हैं।

प्रमुख खबरें

वैशाली में PM Narendra Modi के कार्यक्रम के पोस्टर फाड़ने पर 4 लोग गिरफ्तार

Khyber Pakhtunkhwa में सुरक्षा बलों का बड़ा एक्शन, TTP के तीन आतंकी ढेर

AIFF अध्यक्ष कल्याण चौबे ने पूर्व पदाधिकारियों से मांगा कामकाज का ब्योरा

Congress का चुनाव आयोग पर बड़ा हमला, CEC Gyanesh Kumar से मांगा इस्तीफा