Syed Mushtaq Ali Trophy में लगातार 4 गेंदों पर 4 विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय बने Jamshed Alam

By Ankit Jaiswal | Nov 22, 2026

रविवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में रेलवे और सौराष्ट्र के बीच खेले गए मुकाबले में एक ऐसा कारनामा देखने को मिला, जिसने घरेलू क्रिकेट में सबका ध्यान खींच लिया। रेलवे की ओर से खेलने वाले उत्तर प्रदेश के तेज गेंदबाज जमशेद आलम ने लगातार 4 गेंदों पर 4 विकेट लेकर इतिहास रच दिया। इस प्रदर्शन के साथ वह पुरुषों के टी20 क्रिकेट में यह उपलब्धि हासिल करने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं।

इंदौर में खेले गए इस मुकाबले में रेलवे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सौराष्ट्र की टीम को शुरुआत में ही बड़ा झटका लगा। पारी का चौथा ओवर लेकर आए जमशेद आलम ने लगातार 4 गेंदों पर 4 बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। उन्होंने सबसे पहले हार्विक देसाई को जुबैर अली के हाथों कैच कराया। इसके बाद प्रेरक मांकड़ को बोल्ड किया। फिर रुचित अहीर को विकेट के पीछे कैच कराया और सम्मार गज्जर को पगबाधा आउट कर दिया।

जमशेद का कहर यहीं नहीं रुका। उन्होंने अपने अगले ओवर में सिद्धार्थ राणा को भी पगबाधा आउट कर दिया। इस तरह उन्होंने सिर्फ 9 गेंदों में अपने 5 विकेट पूरे कर लिए। क्रिकेट से जुड़ी वेबसाइट ईएसपीएनक्रिकइन्फो के आंकड़ों के मुताबिक, पुरुषों के टी20 क्रिकेट में इससे कम गेंदों में 5 विकेट लेने का कारनामा केवल 2 गेंदबाज कर सके हैं। इसके अलावा, जमशेद पुरुषों के टी20 क्रिकेट में पदार्पण मैच में 5 विकेट लेने वाले भारत के छठे गेंदबाज भी बन गए हैं।

जमशेद के इस प्रदर्शन के बाद सौराष्ट्र की हालत बेहद खराब हो गई और टीम का स्कोर 30 रन पर 6 विकेट हो गया। हालांकि, इसके बाद निचले क्रम के बल्लेबाजों ने कुछ संघर्ष किया और टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 153 रन तक पहुंच सकी। सौराष्ट्र को इस मुकाबले में 29 रन से हार का सामना करना पड़ा। जमशेद ने कुल 38 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। खास बात यह रही कि उन्होंने अपने आखिरी ओवर में 17 रन भी खर्च किए, लेकिन इससे उनके शुरुआती प्रदर्शन की अहमियत कम नहीं हुई।

गौरतलब है कि जमशेद से पहले भारत के केवल 2 गेंदबाज टी20 मुकाबले में लगातार 4 गेंदों पर 4 विकेट ले सके थे। कर्नाटक के अभिमन्यु मिथुन ने नवंबर 2019 में हरियाणा के खिलाफ पारी के 20वें ओवर में यह उपलब्धि हासिल की थी। वहीं, विदर्भ के दर्शन नल्कंडे ने नवंबर 2021 में कर्नाटक के खिलाफ ऐसा किया था। इन दोनों गेंदबाजों ने अपनी-अपनी पारी के आखिरी ओवर में 4 लगातार विकेट लिए थे, जबकि जमशेद ने यह कारनामा पारी के शुरुआती ओवरों में किया।

दुनिया के टी20 क्रिकेट में जमशेद से कम गेंदों में 5 विकेट लेने वाले केवल 2 गेंदबाजों का नाम दर्ज है। इंडोनेशिया के गेडे प्रियंदाना ने कंबोडिया के खिलाफ 6 गेंदों में 5 विकेट लिए थे, जबकि फिनलैंड के महेश तांबे ने एस्टोनिया के खिलाफ 8 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी। दोनों प्रदर्शन 2025 में आए थे। पाकिस्तान के आफाक अफरीदी भी टी20 पदार्पण पर लगातार 4 गेंदों में 4 विकेट ले चुके हैं। उन्होंने दिसंबर 2024 में चैंपियंस टी20 कप के दौरान यह कारनामा किया था।

बता दें कि जमशेद आलम उत्तर प्रदेश टी20 लीग में मेरठ मेवरिक्स के लिए खेल चुके हैं। वह रेलवे की ओर से सीके नायडू ट्रॉफी में भी हिस्सा ले चुके हैं। इस साल उन्होंने टी20 मुंबई लीग में आकाश टाइगर्स एमडब्ल्यूएस का प्रतिनिधित्व किया था। अब सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उनका यह प्रदर्शन उन्हें घरेलू क्रिकेट के उभरते तेज गेंदबाजों में चर्चा का विषय बना रहा है।

प्रमुख खबरें

Womens Asian Champions Trophy: भारत ने Thailand को 7-0 से दी शिकस्त, दीपिका ने लगाई हैट्रिक

एशिया कप में Pakistan A ने Hasan Nawaz के 79 रन से India A को दिया 314 रन का लक्ष्य

लद्दाख में सहायक निदेशक के 32 पदों पर UPSC करेगा सीधी भर्ती, एलजी ने दी हरी झंडी

MCX पर Gold और Silver के दाम एक साल के निचले स्तर पर, आगे भी गिरावट के आसार