एशिया कप में Pakistan A ने Hasan Nawaz के 79 रन से India A को दिया 314 रन का लक्ष्य

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 22, 2026

पाकिस्तान ए ने मध्यक्रम के बल्लेबाज हसन नवाज की 79 रन की तेजतर्रार पारी की मदद से रविवार को यहां एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट के ग्रुप बी मैच में भारत ए के खिलाफ 313 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। पाकिस्तान की सीनियर सीमित ओवरों की टीम के नियमित सदस्य नवाज ने 82 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया जिसमें पांच चौके और चार छक्के जड़े थे। सलामी बल्लेबाज माज सदाकत (59 रन) और शमील हुसैन (33 रन) ने पहले विकेट के लिए 7.5 ओवर में 66 रन जोड़कर पाकिस्तान को तेज शुरुआत दिलाई।

हालांकि हर्षित राणा के साथ कुछ देर तक हुई बहस के बाद हुसैन का ध्यान भटक गया और वह जल्द ही आउट हो गए। आयुष बडोनी की गेंद पर राणा ने उनका कैच लिया। राणा ने जल्द ही रोहेल नजीर (शून्य) को भी आउट कर दिया जिससे पाकिस्तान का स्कोर दो विकेट पर 67 रन हो गया।

नवाज ने पारी की जिम्मेदारी संभाली और सदाकत के साथ तीसरे विकेट के लिए 54 रन जोड़े। हालांकि सूर्यांश शेडगे (55 रन देकर दो विकेट) ने सदाकत को आउट करके इस साझेदारी का अंत किया। इसके बाद कप्तान अब्दुल समद ने नवाज के साथ चौथे विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी की।

इस दौरान पाकिस्तान ने छह रन प्रति ओवर से अधिक की गति से रन बनाए। हालांकि रिंकू सिंह और विकेटकीपर कुमार कुशाग्र के संयुक्त प्रयास से समद रन आउट हो गए। नवाज के आउट होने के बाद भारत ने मैच में अच्छी वापसी की।

शेडगे की गेंद पर उनका जोरदार शॉट डीप प्वाइंट सीमा रेखा के पास बडोनी ने लपक लिया। इस समय पाकिस्तान का स्कोर 38.2 ओवर में पांच विकेट पर 230 रन था। इसके बाद फरहान यूसुफ ने 48 गेंद में 56 रन की पारी खेलकर टीम को 300 रन के पार पहुंचाया।

इस दौरान पिच से हालांकि गेंदबाजों को भी कुछ मदद मिल रही थी। पाकिस्तान की टीम 49.2 ओवर में 313 रन पर ऑल आउट हो गई।

प्रमुख खबरें

Womens Asian Champions Trophy: भारत ने Thailand को 7-0 से दी शिकस्त, दीपिका ने लगाई हैट्रिक

Syed Mushtaq Ali Trophy में लगातार 4 गेंदों पर 4 विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय बने Jamshed Alam

लद्दाख में सहायक निदेशक के 32 पदों पर UPSC करेगा सीधी भर्ती, एलजी ने दी हरी झंडी

MCX पर Gold और Silver के दाम एक साल के निचले स्तर पर, आगे भी गिरावट के आसार