NIT Raipur दीक्षांत समारोह: G Kishan Reddy बोले, ऊर्जा और खनन क्षेत्र की चुनौतियों में भारत के लिए बड़े अवसर

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 03, 2026

रायपुर, तीन नवंबर केंद्रीय कोयला और खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने मंगलवार को कहा कि भारत के लिए सबसे बड़ा अवसर ऊर्जा, कृषि, स्वास्थ्य सेवा, बुनियादी ढांचा, खनन और पर्यावरण जैसे क्षेत्रों की प्रमुख चुनौतियों का समाधान करने में है। उन्होंने कहा कि देश की जरूरतों को पूरा करने के लिए विकसित किए गए समाधानों से पूरी दुनिया को फायदा हो सकता है। रेड्डी ने यहां पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), रायपुर के 17वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले एक दशक में भारत के उच्च शिक्षा क्षेत्र में अभूतपूर्व विस्तार, आधुनिकीकरण और नए अवसर देखने को मिले हैं।

इलेक्ट्रिक वाहनों, नवीकरणीय ऊर्जा, सेमीकंडक्टर, बैटरी और रक्षा प्रौद्योगिकी में इस्तेमाल होने वाले महत्वपूर्ण खनिजों की वैश्विक मांग का जिक्र करते हुए रेड्डी ने कहा कि खनन अपने आप में एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन के तहत, भारत पूरी आपूर्ति श्रृंखला में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में काम कर रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा, हमें नयी तकनीकों की जरूरत है ताकि भू-राजनीतिक चुनौतियों का हमारे उत्पादन पर कोई असर न पड़े।’’ उन्होंने कहा, देश की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ नेट जीरो लक्ष्यों को हासिल करने के लिए हमें खनन के कुशल तरीकों की जरूरत है।

‘नेट जीरो’ से अभिप्राय वायुमंडल में छोड़ी जाने वाली ग्रीनहाउस गैसों (जैसे कार्बन डाइऑक्साइड, मीथेन आदि) की मात्रा और प्राकृतिक या कृत्रिम तरीकों से वायुमंडल से हटाई जाने वाली गैसों के बीच पूर्ण संतुलन स्थापित करना है। रेड्डी ने स्नातक की उपाधि हासिल करने वाले छात्रों से आग्रह किया कि वे भारत में ही अनुसंधान, डिजाइन और नवाचार के क्षेत्र में काम कर ऐसी प्रौद्योगिकी विकसित करें जो वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सके। दीक्षांत समारोह में 91 पीएचडी स्कॉलर्स सहित 1,300 से अधिक छात्रों को उनकी डिग्रियां दी गईं।

इस समारोह में कुल 1,364 छात्रों को डिग्रियां प्रदान की गईं। दीक्षांत समारोह में रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल, वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) की महानिदेशक और वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान विभाग की सचिव एन. कलाईसेल्वी, एनआईटी रायपुर के संचालन मंडल के अध्यक्ष सुरेश हवारे और संस्थान के निदेशक एन. वी. आर. राव मौजूद थे।

प्रमुख खबरें

UN Young Professionals Programme 2026 के लिए आवेदन शुरू, 30 नवंबर तक मौका

Jiyaa Shankar ने मंगेतर Kaaran Dhanak संग ब्रेकअप की अफवाहों पर तोड़ी चुप्पी, शेयर की रोमांटिक तस्वीरें

UN में बोलीं ICC चीफ टोमोको अकाने: Donald Trump प्रशासन की पाबंदियों से नहीं झुकेगी अदालत

नेतन्याहू के नहले पर ईरान का दहला, चीन की करा दी एंट्री, फंस गए ट्रंप!