गांधी परिवार ने INS विराट को ‘निजी टैक्सी’ की तरह किया इस्तेमाल: मोदी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 09, 2019

नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि जब राजीव गांधी प्रधानमंत्री थे तो गांधी परिवार युद्धपोत आईएनएस विराट का उपयोग ‘निजी टैक्सी’ के रूप में करता था। इससे पहले भी मोदी ने राजीव गांधी को ‘भ्रष्टाचारी नंबर 1’ करार दिया था। राजधानी में सात संसदीय सीटों के लिए 12 मई को होने वाले चुनाव से पहले यहां अपनी पहली रैली में मोदी ने कांग्रेस से सवाल किया कि जिस नेता के नाम से वे वोट मांगते हैं, जब उनके ‘‘कुकृत्यों’’ को बेनकाब किया जाता है तो वे क्यों सुलग जाते हैं?

इसे भी पढ़ें: दिल्ली ने पॉलिटिकल कल्चर का 5वां मॉडल ''नाकामपंथी'' भी देखा है: मोदी

उन्होंने कांग्रेस पर वंशवाद की राजनीति को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया। मोदी ने इससे पहले राजीव गांधी पर आरोप लगाया था कि उनका अंत ‘भ्रष्टाचारी नंबर 1’ के रूप में हुआ। प्रधानमंत्री ने दावा किया कि राजीव गांधी के नेतृत्व वाली तत्कालीन सरकार और नौसेना ने उनके परिवार एवं ससुराल पक्ष की मेजबानी की और उनकी सेवा में एक हेलीकाप्टर को भी लगाया गया। मोदी ने कहा कि आईएनएस विराट का इस्तेमाल एक निजी टैक्सी की तरह करके इसका अपमान किया गया। यह तब हुआ जब राजीव गांधी एवं उनका परिवार 10 दिनों की छुट्टी पर गये हुए थे। आईएनएस विराट को हमारी समुद्री सीमा की रक्षा के लिए तैनात किया गया था, किन्तु इसका मार्ग बदल कर गांधी परिवार को लेने के लिए भेजा गया जो अवकाश मना रहा था।

उन्होंने यह भी दावा किया कि गांधी परिवार को लेने के बाद आईएनएस विराट द्वीप पर 10 दिनों तक खड़ा रहा। मोदी ने सवाल किया कि राजीव गांधी के साथ उनके ससुराल के लोग भी थे जो इटली से आये थे। सवाल यह है कि क्या विदेशियों को एक युद्धपोत पर ले जाकर देश की सुरक्षा के साथ समझौता नहीं किया गया? मोदी ने कहा कि क्या यह कभी कल्पना की जा सकती है कि भारतीय सशस्त्र सेनाओं के प्रमुख युद्धपोत का इस्तेमाल निजी अवकाश के लिए एक टैक्सी की तरह किया जाए? विमान वाहक आईएनएस विराट को भारतीय नौसेना में 1987 में सेवा में लिया गया था। करीब 30 वर्ष तक सेवा में रहने के बाद 2016 में इसे सेवा से अलग किया गया।

इसे भी पढ़ें: मोदी ने नहीं काम इसलिए मांग रहे हैं सेना के नाम पर वोट: हुड्डा

मोदी ने पाकिस्तान के अंदर बालाकोट पर हवाई हमलों की ओर सीधे तौर पर इशारा करते हुये कहा कि उनकी सरकार में यह नया हिन्दुस्तान किसी को छेड़ता नहीं है, लेकिन उकसाये जाने पर जोरदार प्रहार करने में संकोच भी नहीं करता है। उन्होंने कहा कि यह नया हिंदुस्तान किसी को छेड़ता नहीं है, लेकिन छेड़ने वालों को छोड़ता भी नहीं है... घर में घुस के मारता है। उन्होंने कहा कि पांच साल में, सुरक्षाकर्मियों ने देश में कई दुर्घटनाओं को रोका है। उन्होंने यह भी कहा कि हमारी सरकार में मसूद अजहर को एक अंतर्राष्ट्रीय आतंकवादी घोषित किया गया, जिसे पहले एक असंभव कार्य माना जाता था। उन्होंने कहा कि चार मॉडल हैं-  नामपंथी  (वंशवादी राजनीति),  वामपंथी  (वाम राजनीति) और  दमनपंथी  (गुंडागर्दी) और  विकासपंथी  (विकास में विश्वास रखने की राजनीति), लेकिन दिल्ली एकमात्र राज्य है जहां हमने पांचवें मॉडल को देखा है। दिल्ली ने  नाकामपंथी  (प्रदर्शनहीनता व बहानेबाजी की राजनीति) देखा है जिसने अराजकता पैदा की और देश के लोगों के साथ विश्वासघात किया।

‘आप’ का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि दिल्ली शासन का नाकामपंथी मॉडल देख रही है। लोग यहां देश बदलने आए थे लेकिन खुद बदल गए। उन्होंने टुकड़े-टुकड़े गैंग को समर्थन दिया और भारत के दुश्मनों को मजबूत किया। आप सरकार के संदर्भ में नाकामपंथी की व्याख्या करते हुए मोदी ने कहा कि इसका मतलब है दिल्ली के अस्पतालों में केंद्र की आयुष्मान भारत योजना को अनुमति नहीं देना। उन्होंने कहा कि इस्टर्न और वेस्टर्न पेरिफेरल का निर्माण कर भाजपा ने दिल्ली में प्रदूषण और जाम घटाया। उन्होंने कहा कि महंगाई हमेशा महत्वपूर्ण चुनावी मुद्दा थी, लेकिन अब विपक्ष इस पर सरकार को नहीं घेर पाता है।

इसे भी पढ़ें: मरते दम तक मैं अनिल अंबानी से गले नहीं मिलूंगा: राहुल

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी एवं महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सहित पार्टी नेताओं ने 1984 से 89 के बीच भारत के प्रधानमंत्री रहे दिवंगत राजीव गांधी पर प्रहार करने के लिए मोदी पर हमला बोला है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस ‘न्याय’ के बारे में बात करती है, लेकिन यह पूछा जाना चाहिए कि 1984 के सिख विरोधी दंगा पीड़ितों को न्याय कौन देगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पीड़ितों को न्याय सुनिश्चित किया है।

प्रमुख खबरें

US-Russia Sanctions 2026 | रूसी तेल पर कड़े प्रतिबंध, यूरेनियम पर राहत: जानें अमेरिकी दोहरे रुख के पीछे की पूरी कहानी

Bigg Boss 20 Update: YUNG DSA फूट-फूटकर रोए, Gullu बनें घर के नये कैप्टन, Mahi Vij और Amrapali Dubey का हाई-वोल्टेज ड्रामा

Nigeria में अवैध खनन के आरोप में पकड़े गए कम से कम 33 लोगों की हिरासत में मौत

नासिक में अधिकारी की मेज पर कुत्ते छोड़ने वाले Shiv Sena UBT कार्यकर्ता पर केस दर्ज