गणेशोत्सव : पूरे मुंबई में दोपहर तीन बजे तक 2,450 से अधिक प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 28, 2023

मुंबई में 10 दिवसीय गणेश उत्सव के समापन पर बृहस्पतिवार को विभिन्न गणेश मंडलों द्वारा ढोल-नगाड़ों और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों के साथ विघ्नहर्ता की प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए जुलूस निकाले जा रहे हैं। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने बताया कि दोपहर तीन बजे तक कुल 2,452 प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा चुका है, जिनमें घरों में स्थापित की गईं 2,311, सार्वजनिक स्थानों पर स्थापित की गईं 116 और 25 देवी गौरी की प्रतिमाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 2,452 प्रतिमाओं में से 919 को विसर्जन नगर निकाय द्वारा स्थापित कृत्रिम तालाबों में किया गया। भगवान गणेश की विभिन्न रूपों और आकारों की सुसज्जित प्रतिमाओं को प्रार्थना, अगले बरस फिर से आने के अनुरोध, संगीत और नृत्य के साथ विसर्जन के लिए पंडालों से बाहर निकाला गया।

अपने प्रिय देवता की एक झलक पाने के लिए सुबह से ही शहर के विभिन्न स्थानों पर भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। ‘गणेश चतुर्थी’ के साथ 19 सितंबर को शुरू हुआ यह उत्सव बृहस्पतिवार को ‘अनंत चतुर्दशी’ पर अरब सागर और यहां के अन्य जलाशयों में गणपति प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ समाप्त होगा। इस उत्सव को भव्यता के साथ मनाने के लिए मशहूर मुंबई के लालबाग इलाके में तेजुकाया और गणेश गली मंडलों की विसर्जन यात्रा ‘गणपति बप्पा मोरया, पुढच्या वर्षी लवकर या’ (अगले वर्ष जल्दी आना भगवान) के जयकारों के साथ शुरू हुई। प्रसिद्ध लालबागचा राजा की प्रतिमा के विसर्जन का जुलूस आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। उत्सव के दौरान भगवान गणेश के दर्शन के लिए सबसे अधिक भीड़ यहीं देखी गई।

यहां विसर्जन यात्रा 11 बजकर करीब 30 मिनट बजे शुरू हुआ और बप्पा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त सड़कों के दोनों ओर प्रतीक्षा करते दिखे। गणेश प्रतिमाओं पर पुष्पवृष्टि देखने के लिए लालबाग की श्रॉफ इमारत में भी काफी संख्या में श्रद्धालु जुटे रहे। दक्षिण मुंबई में गिरगांव की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर भी भीड़ उमड़ी। इसी मार्ग से सबसे ज्यादा विसर्जन जुलूस गुजरते हैं, जिनमें फोर्ट, गिरगांव, मझगांव, भायखला, दादर, माटुंगा, सायन, चेंबूर और अन्य क्षेत्रों की गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए ले जाई जाती हैं। बीएमसी के अनुसार, त्योहार के सातवें दिन तक 1,65,964 प्रतिमाएं कृत्रिम तालाबों और विभिन्न जलाशयों में विसर्जित की गईं। इनमें घरों तथा सार्वजनिक स्थानों पर स्थापित की गई प्रतिमाएं और देवी गौरी की प्रतिमाएं शामिल हैं।

प्रमुख खबरें

Congress leaders ने केरल के मुख्यमंत्री को बेदखली विवाद पर कर्नाटक के मामलों से दूर रहने की सलाह दी

Bihar के रोहतास में लड़की से सामूहिक दुष्कर्म, दो प्रवासी मजदूर पकड़े गए

Dubai के संगीत कार्यक्रम में Sonu Nigam ने Mohammed Rafi को उनकी 101वीं जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि दी

Zepto ने SEBI के पास गोपनीय रूप से IPO documents जमा किए, 11,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना