गहलोत ने कहा, कोरोना मरीजों के ईलाज के लिए निर्धारित दरों से अधिक वसूली की शिकायतों पर तत्परता से कार्रवाई हो

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 26, 2021

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि कोविड मरीजों के इलाज एवं जांच में निजी अस्पतालों, लैब और दवा दुकानदारों द्वारा निर्धारित दरों से अधिक पैसे वसूलने की घटनाओं पर तुरंत संज्ञान लेकर सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि सरकार कोरोना पीड़ितों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। इस संबंध में किसी भी शिकायत पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने कोविड से मृत्यु पर शव परिवहन एवं ससम्मान अंतिम संस्कार की निशुल्क व्यवस्था की है, उसकी निचले स्तर तक पालना और निगरानी में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसे भी पढ़ें: Cyclone Yaas : गंभीर चक्रवाती तूफान में बदला 'यास', बंगाल-ओडिशा में लाखों लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया

उन्होंने निर्देश दिया कि प्रदेश में महामारी से मृत्यु के मामलों की ऑडिट कराएं, ताकि कोविड और नान कोविड मौतों की वास्तविकता का पता चले और कोविड पीड़ित परिवारों की सामाजिक सुरक्षा के संबंध में निर्णय लिया जा सके। उन्होंने कहा कि राजस्थान में मौतों की संख्या छिपाने की परम्परा नहीं है। हमें आंकड़ों की नहीं, प्रदेशवासियों के जीवन की चिंता है। हमारी सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ समाज के सभी वर्गों के सहयोग से कोरोना के खिलाफ जंग लड़ रही है। गहलोत ने कहा कि प्रदेश की युवा आबादी के टीकाकरण के लिए टीके की उपलब्धता के लिए केंद्र सरकार के साथ समन्वय सहित सभी स्तर पर प्रयास करें, ताकि टीकाकरण का काम तेजी से आगे बढ़े।

उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण टीकाकरण संक्रमण की तीसरी लहर से बचाव में मदद करेगा। मुख्य सचिव निरंजन आर्य ने बताया कि प्रदेश में ऑक्सीजन की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता है। राज्य में डीआरडीओ की ओर से लगाए जाने के लिए स्वीकृत प्लांटों की संख्या अब 25 हो गई है। शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि प्रदेश में सक्रिय मामलों की संख्या 90 हजार से नीचे आ गई है। रिकवरी रेट बढ़कर 89 प्रतिशत हो गई है। संक्रमण के दोगुने होने का समय भी सुधार कर 82 दिन हो गया है।

प्रमुख खबरें

Delhi Police ने महरौली चोरी केस सुलझाया, iPhone 15 खरीदने से पकड़े गए दो आरोपी

अभिषेक शर्मा की आक्रामक पारी से भारत ने Afghanistan को हराकर जीती T20I श्रृंखला

Tata Sons में SP Group की हिस्सेदारी बेचकर 25000 करोड़ जुटाने का Noel Tata ने दिया प्रस्ताव

PM Narendra Modi के 76वें जन्मदिन पर Rajasthan में सेवा अभियान, CM Bhajan Lal Sharma ने गिनाए विकास कार्य