By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 05, 2026
जयपुर, पांच नवंबर राजस्थान में पंचायत राज संस्थाओं में चुनाव के तीसरे चरण में 27 जिलों में पंच और सरपंच पद के लिए बृहस्पतिवार को मतदान हो रहा है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 27 जिलों की 3,716 ग्राम पंचायतों में मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक चलेगा।
राज्य में चुनाव प्रक्रिया चार चरणों में पूरी की जा रही है। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए पहले तीन चरणों का मतदान क्रमशः 22 अक्टूबर, 28 अक्टूबर और तीन नवंबर को हुआ था। पंच और सरपंच पदों के लिए पहले दो चरणों के चुनाव 24 अक्टूबर और 30 अक्टूबर को हुए थे जबकि उप-सरपंच पदों के चुनाव 25 अक्टूबर और 31 अक्टूबर को हुए थे।
उप-सरपंच पदों के लिए तीसरे चरण का चुनाव छह नवंबर को होगा। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए चौथा और अंतिम चरण का मतदान 14 नवंबर को होगा। इसके बाद 16 नवंबर को पंच और सरपंच के लिए मतदान होगा तथा 17 नवंबर को उप-सरपंच चुने जाएंगे।
सभी चार चरणों के लिए जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के मतदान की गिनती 20 नवंबर को होगी। जिला प्रमुख और उप-जिला प्रमुख के चुनाव 25 और 26 नवंबर को होंगे, जबकि पंचायत समिति प्रधान और उप-प्रधान के चुनाव क्रमशः 27 और 28 नवंबर को होंगे।