By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 05, 2026
लेह/जम्मू, चार नवंबर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने बुधवार को लद्दाख प्रशासन की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि वह उसके फैसलों पर सवाल उठाने वाले संस्थानों और व्यक्तियों के खिलाफ ‘विच हंट’ (चुनिंदा लोगों को निशाना बनाकर उनके खिलाफ कार्रवाई) की नीति अपना रहा है। वांगचुक ने आरोप लगाया कि हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ अल्टरनेटिव्स, लद्दाख (एचआईएएल) और उसके स्कूल के खिलाफ कार्रवाई क्षेत्र में असहमति की आवाज को दबाने की कोशिश का हिस्सा है। वांगचुक ने फ्यांग स्थित ‘डेजर्ट फ्लावर स्कूल’ से जुड़ी गतिविधियों को रोकने के लिए एचआईएएल को एक नवंबर को जारी नोटिस पर प्रतिक्रिया दी।
लद्दाख प्रशासन ने हाल ही में वांगचुक द्वारा स्थापित एचआईएएल को निर्देश दिया है कि वह अपने ‘डेजर्ट फ्लावर स्कूल’ के संचालन से जुड़ी कोई भी नयी गतिविधि तब तक शुरू न करे, जब तक जम्मू कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय इस मामले में अंतिम फैसला नहीं सुना देता।