By अनन्या मिश्रा | Nov 17, 2026
हिंदू धर्म में गाय को मां का दर्जा किया जाता है। धार्मिक मान्यता है कि गाय में सभी देवी-देवताओं का वास होता है। यही कारण है कि पूजा-पाठ और धार्मिक कार्यों में गौ माता का विशेष महत्व माना जाता है। वहीं हर साल कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को गोपाष्टमी का पर्व मनाया जाता है। गोपाष्टमी पर गौ माता की पूजा, स्नान और श्रृंगार करने की परंपरा है। इस बार 17 नवंबर को गोपाष्टमी का पर्व मनाया जा रहा है। गोपाष्टमी का पर्व भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ा है। तो आइए जानते हैं इस दिन की तिथि, मुहूर्त, पूजन विधि और महत्व आदि के बारे में...
वैदिक पंचांग के मुताबिक कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि की शुरूआत 17 नवंबर 2026 को सुबह 04:19 मिनट से शुरू होगी। वहीं इस तिथि की समाप्ति अगले दिन यानी की 18 नवंबर की सुबह 06:04 मिनट पर होगी। ऐसे में उदयातिथि के आधार पर गोपाष्टमी का पर्व 17 नवंबर को मनाया जा रहा है। इस बार शाम की पूजा का समय खास है। ऐसे में गोधूलि बेला शाम 05:27 से 05:53 बजे तक रहेगी।
इस दिन सुबह जल्दी स्नान आदि करने के बाद साफ कपड़े पहनें। फिर श्रीकृष्ण का ध्यान करें और पूजा का संकल्प लें। गाय और बछड़े को स्नान कराएं और माथे पर हल्दी या रोली का तिलक करें। फिर गाय और बछड़े को फूलों की माला पहनाएं। फिर गुड़, फल और हरा चारा आदि खिलाना चाहिए। वहीं अंत में गाय और बछड़े की आरती करें और परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करें।
गोपाष्टमी के दिन गौ माता की पूजा और सेवा का विशेष महत्व होता है। धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक गाय को मां के समान सम्मान दिया जाता है। इस दिन गौ माता को स्नान कराने के साथ ही श्रृंगार किया जाता है। वहीं तिलक लगाकर अक्षत, फूल, गुड़ और हरा चारा अर्पित किया जाता है। फिर उनकी आरती करके परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की जाती है।