By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 17, 2026
रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में 31 पैसे मजबूत होकर 93.63 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, विदेशी पूंजी के मजबूत प्रवाह और घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख से घरेलू मुद्रा को बल मिला। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 93.72 प्रति डॉलर पर खुला।
बाद में बढ़त दर्ज करते हुए 93.63 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 31 पैसे की बढ़त है। रुपया सोमवार को 25 पैसे मजबूत होकर 93.94 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी मुद्रा की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत बढ़कर 103.50 पर आ गया।
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 108.83 अंक चढ़कर 82,184.33 अंक पर और निफ्टी 31.90 अंक की बढ़त के साथ 25,325.75 अंक पर रहा। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 0.79 प्रतिशत फिसलकर 91.71 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को शुद्ध रूप से 4,864.68 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे।