अलविदा सरोज खान! सिनेमा में आपके 40 साल के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा...

By रेनू तिवारी | Jul 03, 2020

मुम्बई। बॉलीवुड में ‘मास्टरजी’ के नाम से मशहूर और ‘‘धक धक’’, ‘‘हवा हवाई’’ तथा ‘‘एक दो तीन’’ जैसी कई गानों की नृत्य निर्देशक रहीं मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 71 वर्ष की थीं। तीन बार राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुकी खान पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थीं। सांस लेने में तकलीफ के बाद उन्हें पिछले शनिवार को बांद्रा के गुरु नानक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां उनकी कोविड-19 की जांच भी की गई, जिसकी रिपोर्ट में उनके संक्रमित नहीं होने की पुष्टि हुई। उनके रिश्तेदार मनीष जगवानी ने कहा, ‘‘ देर रात करीब ढाई बजे दिल का दौरा पड़ने से उनका अस्पताल में निधन हो गया।’’ उपनगरीय मलाड में एक कब्रिस्तान में शुक्रवार सुबह ही उन्हें सुपुर्द-ए-ख़ाक कर दिया गया। उनकी बेटी सुकैना खान ने कहा, ‘‘सुबह करीब सात बजे उन्हें सुपुर्द-ए-ख़ाक किया गया। तीन दिन बाद एक प्रार्थना सभा रखी जाएगी।’’ इस बीच, बॉलीवुड की अनेक हस्तियों ने उनके निधन पर शोक जताया।

सरोज की मौत से बॉलीवुड में मातम 

खान के साथ कई हिट गीतों में काम कर चुकी अदाकारा माधुरी दीक्षित ने कहा, ‘‘ मैं अपनी दोस्त तथा गुरु सरोज खान के निधन से बेहद दुखी हूं। नृत्य में मुझे मेरी क्षमताओं की पहचान कराने के लिए हमेशा उनकी आभारी रहूंगी। दुनिया ने आज एक बेहतरीन प्रतिभा को खो दिया। आपकी याद आएगी।’’ खान ने अपने चार दशक के करियर में उन्होंने 2000 से अधिक गीतों की कोरियोग्राफी की। अभिनेता अक्षय कुमार ने लिखा, ‘‘ सुबह-सुबह मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान जी के निधन की दुखद खबर मिली। उन्होंने नृत्य को इतना आसान रूप दिया, जैसे हर कोई नृत्य कर सकता है। फिल्म जगत के लिए एक बड़ी क्षति। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।’’

इसे भी पढ़ें: मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान को किया गया सुपुर्द-ए-ख़ाक, बॉलीवुड में पसरा मातम

 जब करीना से कहा था पैर नहीं हिला सकते तो अपना मुंह हिलाएं

फिल्म ‘जब वी मेट’ के गीत ‘ये इश्क हाय’ में सरोज खान की कोरियोग्राफी पर थिरकने वाली अदाकारा करीना कपूर ने कहा, ‘‘ मास्टर जी हमेशा मुझे कहती थीं अगर अपने पैर नहीं हिला सकते तो अपना मुंह हिलाएं...यही उन्होंने मुझे सिखाया.. नृत्य के मजे लेना, आंखों से मुस्कुराना। उनके जैसे कोई और नहीं हो सकता। मास्टर जी आपसे प्यार है।’’ अभिनेता सुनील शेट्टी ने भी खान को याद करते हुए कहा कि उनकी कमी को पूरा नहीं जा सकता।’’ फिल्म ‘फना’ में खान के साथ काम करने वाले निर्देशक कुणाल कोहली ने उन्हें याद करते हुए कहा, ‘‘ उन्होंने हमेशा लोगों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई। कभी इस बात की परवाह नहीं की कि कौन बड़ा सितारा है और कौन नहीं। हमेशा सभी के लिए बिरयानी लाती थीं और सभी को प्यार से खिलाती थीं। उन सभी यादों के लिए मास्टर जी शुक्रिया। ’’खान ने 80 से 90 के दशक में अपना सर्वश्रेष्ठ काम अदाकारा श्रीदेवी और माधुरी दीक्षित के साथ किया।

13 साल की उम्र में की 41 साल के अपने डांस टीचर से शादी, इस्लाम किया कबूल 

खान का परिवार बंटवारे के बाद भारत आ गया था। उन्होंने बतौर बाल कलाकार अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी लेकिन बाद में वह ‘बैकग्राउंड डांसर’ के तौर पर काम करने लगीं। सरोज खान का नाम पहले निर्मला था लेकिन इस्लाम धर्म अपनाने के बाद उन्होंने अपना नाम बदल लिया। उन्होंने अपनी इच्छा से धर्म परिवर्तन किया था। कोरियोग्राफर बी. सोहनलाल से नृत्य सीखते हुए 13 साल की उम्र में ही खान ने उनसे शादी कर ली। उस समय सोहनलाल की उम्र 41 वर्ष थी। बाद में सरोज खान ने दूसरी शादी भी की थी।

 श्रीदेवी को डांस में सरोज खान ने कराया हिट

सरोज खान ने 1974 में फिल्म ‘गीता मेरा नाम’ से अपने कोरियोग्राफी करियर की शुरुआत की लेकिन उन्हें पहचान 1987 में श्रीदेवी के गीत ‘हवा हवाई’ से मिली। इसके बाद खान ने फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और उन्होंने एक से एक हिट गानों पर कोरियोग्राफी की। अदाकारा श्रीदेवी के लिए फिल्म ‘नगीना’ और ‘चांदनी’के गीतों के लिए की गई उनकी कोरियोग्राफी ने काफी सराहना हासिल की। लेकिन उन्हें सबसे अधिक लोकप्रियता अभिनेत्री माधुरी दीक्षित के लिए कोरियोग्राफ किए गीतों से मिली

माधुरी और एश्वर्या को सिखाया डांस 

माधुरी के लिए उन्होंने ‘एक दो तीन’, ‘तम्मा तम्मा लोगे’, ‘धक धक करने लगा’, ‘डोला रे डोला’ जैसे कई हिट गीतों की कोरियोग्राफी की। खान ने आखिरी बार 2019 में आई फिल्म ‘कलंक’ में माधुरी दीक्षित के लिए ही गीत ‘तबाह हो गए’ की कोरियोग्राफी की थी। उन्होंने ‘‘ताल’’, ‘‘हम दिल दे चुके सनम’’ और ‘‘रावण’’ सहित कई फिल्मों में ऐश्वर्या राय के साथ काम किया। उनके निधन की खबर आते ही श्रद्धांजलियों का तांता लग गया।

 शाहरूख खान की पहली गुरू थी सरोज खान

अमिताभ बच्चन ने कहा कि वरिष्ठ कोरियोग्राफर ने फिल्म जगत को ‘‘लय, स्टाइल और गति की गरिमा दी।’’ उन्हें सर्वाधिक ‘‘प्रेरक’’ व्यक्ति करार देते हुए शाहरूख खान ने कहा कि बॉलीवुड में वह उनकी ‘‘पहली वास्तविक गुरु थीं।’’ उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘वह मुझे घंटों सिखाती थीं कि फिल्म में नृत्य के लिए ‘डिप’ कैसे करते हैं। मैं जितने लोगों से मिला उनमें वह काफी ख्याल रखने वालीं, प्यार करने वालीं और प्रेरक व्यक्ति थीं। आपकी याद आएगी सरोज जी। अल्लाह उनकी आत्मा को शांति दे। मेरा ख्याल रखने के लिए धन्यवाद।’’ खान का निधन ऐसे समय में हुआ है जब बॉलीवुड ने हाल के समय में इरफान खान, ऋषि कपूर, निर्देशक बासु चटर्जी और अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत को खो दिया है।

प्रमुख खबरें

India vs Sri Lanka Test: Prasidh Krishna और Manav Suthar की घातक गेंदबाजी से बैकफुट पर श्रीलंका, जीत के करीब Team India

Mahtari Vandan Yojana: CM विष्णु देव साय ने 67 लाख महिलाओं को भेजे 631 करोड़

Air India को चाहिए $1.5 Billion की भारी Funding, Tata Sons और Singapore Airlines से मांगी बड़ी मदद

Rohingya refugees ने Bangladesh में निकाली रैली, सुरक्षित म्यांमा वापसी की मांग की