By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 17, 2020
नयी दिल्ली। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने सोमवार को कहा कि आप सरकार के पटाखे जलाने पर प्रतिबंध लगाने के बाद शहर में इस बार दीपावली पर करीब 70 प्रतिशत लोगों ने पटाखे नहीं फोड़े और अगले साल नतीजे इससे बेहतर होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदूषण की समस्या का दीर्घकालिक उपाय ‘‘एक दिन में नहीं खोजा जा सकता।’’ राय ने पत्रकारों से कहा, ‘‘सरकार के पटाखे जलाने पर प्रतिबंध लगाने के बाद शहर के करीब 70 प्रतिशत निवासियों ने पटाखे नहीं फोड़े। मैं उम्मीद करता हूं कि अगले साल नतीजे और बेहतर होंगे।’’ दिल्ली सरकार ने पांच नवंबर को शहर में सभी तरह के पटाखों की बिक्री और इनके इस्तेमाल पर 30 नवंबर तक के लिए प्रतिबंध लगा दिया था। वहीं, राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में नौ नवंबर मध्यरात्रि से लेकर 30 नवंबर आधी रात तक सभी प्रकार के पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगा रखा है।