By अभिनय आकाश | Mar 12, 2026
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने मैसेजिंग प्लेटफॉर्म टेलीग्राम को नोटिस जारी कर अपने प्लेटफॉर्म से पायरेटेड फिल्में और ओटीटी कंटेंट हटाने को कहा है। यह कदम जियो सिनेमा और अमेज़न प्राइम वीडियो सहित स्ट्रीमिंग सेवाओं की व्यापक कॉपीराइट उल्लंघन की शिकायतों के बाद उठाया गया है। सरकारी सूत्रों ने बताया कि कुल 3,142 टेलीग्राम चैनलों को फिल्मों और ओटीटी शो सहित अवैध सामग्री वितरित करते हुए पाया गया, जिसके चलते सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के तहत कार्रवाई की गई है।
स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म लगातार पायरेसी की शिकायत कर रहे हैं, उनका कहना है कि इससे राजस्व और कंटेंट निर्माताओं के अधिकारों पर असर पड़ता है। MIB की ओर से जारी नोटिस से सरकार का इरादा स्पष्ट होता है कि वह अवैध कंटेंट वितरण पर नकेल कसेगी और ऐसे कंटेंट को समय पर हटाने के लिए प्लेटफॉर्म को जवाबदेह ठहराएगी। MeitY द्वारा किए गए एक समीक्षा में पाया गया कि सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म सहित मध्यस्थों की ऑनलाइन सुरक्षा, संरक्षा और जवाबदेही बढ़ाने के लिए सख्त उपायों की आवश्यकता है। Telegram से अपेक्षा की जाती है कि वह चिन्हित चैनलों से पायरेटेड कंटेंट हटाकर नोटिस का पालन करे।