कमलनाथ का केंद्र सरकार पर आरोप, कहा- नए कानूनों के जरिए कृषि क्षेत्र का निजीकरण करना चाहती है

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 07, 2021

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि तीन नए कृषि कानूनों को लागू कर केन्द्र सरकार कृषि क्षेत्र का निजीकरण करना चाहती है। कमलनाथ ने यहां पत्रकार वार्ता में सरकार के खिलाफ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन और किसानों के लिये जागरुकता अभियान शुरु करने की घोषणा करते हुए दावा किया, ‘‘राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और उसकी राजनीतिक शाखा भाजपा सदैव से पूंजीवादी अर्थव्यवस्था की हिमायती रहे हैं जबकि कांग्रेस पार्टी सदैव से ही समाजवादी अर्थव्यवस्था व विचारधारा की समर्थक रही है।’’  

कमलनाथ ने कहा कि आरएसएस व भारतीय जनसंघ ने आजादी के बाद से ही बड़े सार्वजनिक उपक्रमों (सेल, भेल, एनटीपीसी, ओएनजीसी व आईओसी जैसे उपक्रमों) व बड़े बांधों का विरोध किया। वर्ष 2014 में पहली बार आरएसएस व भाजपा को अपना एजेण्डा लागू करने के लिये स्पष्ट बहुमत मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत का कृषि उत्पाद का कारोबार 15-18 लाख करोड़ रुपये का है जिस पर बड़े कॉरपोरेट व बहु राष्ट्रीय कंपनियों की नजर है। इन कंपनियों को इसमें प्रवेश कराने के लिये ही तीनों कानून बनाए गए हैं। 

इसे भी पढ़ें: किसान आंदोलन पर बोले हनुमान बेनीवाल, सरकार मांगों पर व्यक्त करे सहमति 

कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश भर की तहसीलों और जिलों सहित विभिन्न स्थानों पर किसानों के समर्थन में और सरकार के खिलाफ हमारा विरोध प्रदर्शन 23 जनवरी तक जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि 15 जनवरी को कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश में किसानों के साथ दोपहर 12 बजे से दो घंटे तक का चक्का जाम आंदोलन करेगें। इसके अलावा प्रदेश के मुरैना में 20 जनवरी को विशाल किसान महापंचायत आयोजित की जायेगी। उन्होंने कहा कि तीन नए कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग को लेकर किसानों के साथ उनकी पार्टी 23 जनवरी को राजभवन (राज्यपाल का सरकारी निवास) का घेराव करेगी। कमलनाथ ने कहा कि वह स्वयं 16 जनवरी को छिंदवाड़ा जिले में किसान जागरण के तहत किसान सम्मेलन में शामिल होंगे। प्रदेश के अलग अलग स्थानों पर इस तरह के किसान सम्मेलन आयोजित किये जायेंगे।

प्रमुख खबरें

राहुल गांधी का BJP सरकार पर हमला, बोले - लाठियों से सवाल नहीं दबेंगे, Bihar के BPSC छात्रों को न्याय दो

Nepal Flash Flood: रसुवा और नुवाकोट में तबाही, 4 की मौत और 13 हाइड्रो प्रोजेक्ट क्षतिग्रस्त

Samantha Ruth Prabhu ने Pregnancy के दौरान Gym में की स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो

Bihar BSFC Recruitment 2026: बिहार में 259 पदों पर निकली बंपर वैकेंसी, जानें Eligibility और Selection Process