By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 03, 2026
अहमदाबाद, तीन नवंबर गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने तुर्किये से प्रत्यर्पित कर लाए गए अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्कर सलीम इस्माइल डोला को गिरफ्तार किया। डोला को इस साल की शुरुआत में भारत लाया गया था। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
इस साल अप्रैल में स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) सलीम डोला को तुर्किये से भारत वापस लाया था। डोला को मार्च 2024 में भारत के अनुरोध पर जारी इंटरपोल के रेड नोटिस के आधार पर तुर्किये में गिरफ्तार किया गया था। दाऊद इब्राहिम का करीबी सहयोगी बताया जाने वाला डोला भारत में मादक पदार्थों की तस्करी का आरोपी है और उस पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी का नेटवर्क संचालित करने का भी आरोप है।
एटीएस के सहायक पुलिस आयुक्त एसएल चौधरी ने बताया कि गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने 31 अक्टूबर को डोला को हिरासत में लिया था। एटीएस ने एक दिसंबर 2022 को वडोदरा जिले के सिंधरोत गांव के पास मादक पदार्थ बनाने वाली एक इकाई पर छापा मारा था और वहां से 87.728 किलोग्राम मेफेड्रोन (एमडी) जब्त किया था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 438.64 करोड़ रुपये आंकी गई थी।
इस मामले में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अब तक कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।