गुजरात भाजपा ने छह नगर निगमों के चुनाव के लिये उम्मीदवारों के नाम तय किये

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 04, 2021

अहमदाबाद। गुजरात भाजपा के संसदीय बोर्ड ने 21 फरवरी को होने वाले छह नगर निगमों के चुनाव के लिये अपने उम्मीदवारों के नाम तय कर लिये हैं। भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष सी आर पाटिल ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पार्टी ने राजकोट नगर निगम के 18 वार्डों के लिये 71 उम्मीदवारों की पहली सूची भी जारी की। पाटिल ने गांधीनगर में भाजपा की राज्य इकाई के मुख्यालय में पत्रकारों से कहा कि पांच अन्य नगर निगमों अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, भावनगर और जामनगर के लिये उम्मीदवारों की सूची शाम तक जारी कर दी जाएगी।

इसे भी पढ़ें: गुजरात, असम में राज्यसभा उपचुनाव एक मार्च को होंगे : निर्वाचन आयोग

उन्होंने कहा, हमारी राज्य इकाई के संसदीय बोर्ड ने एक से तीन फरवरी के बीच हुई बैठक में छह नगर निगमों में होने वाले चुनाव के लिये 576 उम्मीदवारों के नाम तय किये हैं। पाटिल ने कहा कि सभी उम्मीदवार शुक्रवार को अपने नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा ने एक फरवरी को घोषणा की थी कि वह अपने नेताओं के रिश्तेदारों को टिकट नहीं देगी। इसके अलावा 60 साल से अधिक आयु के पार्टी कार्यकर्ताओं और तीन बार पार्षद रह चुके लोगों को भी टिकट नहीं देने की बात कही गई थी।

इसे भी पढ़ें: महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष पद से नाना पटोले ने दिया इस्तीफा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनने की संभावना

पाटिल ने राज्य के संसदीय बोर्ड के इस फैसले का बचाव करते हुए कहा कि गुजरात में भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ताओं की संख्या 1,14 करोड़ है। ऐसे में युवाओं को मौका देना जरूरी है। उन्होंने कहा, यहां तक कि पूर्व महापौरों को भी टिकट नहीं देने का फैसला किया गया है। हमारे सभी नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने इस फैसले का स्वागत किया है और वरिष्ठ नेताओं ने बिना किसी झिझक के युवाओं को रास्ता देने की बात कही है। यह भाजपा की विशेषता है।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भतीजी सोनल मोदी ने अहमदाबाद शहर में नगर निकाय चुनाव लड़ने के लिये भाजपा से टिकट मांगा है। इस बीच भाजपा के राजकोट प्रदेश अध्यक्ष कमलेश मिरानी ने कहा कि नए नियमों के चलते राजकोट के 11 मौजूदा पार्षदों को इस बार टिकट नहीं दिया गया है। उन्होंने राजकोट में पत्रकारों से कहा कि कुल मिलाकर करीब 20 मौजूदा पार्षदों को टिकट नहीं दिया गया है। विपक्षी कांग्रेस छह नगर निगमों के विभिन्न वार्डों के लिये अब तक 180 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर चुकी है। छह नगर-निगमों के चुनाव के लिये 21 फरवरी को मतदान होगा जबकि 81 नगरपालिकाओं, 31 जिला पंचायतों और 231 तालुका पंचायतों के लिये 28 फरवरी को वोट डाले जाएंगे।

प्रमुख खबरें

उत्तराखंड में Congress ने बनाए जिला प्रभारी, BJP 26 नवंबर से शुरू करेगी मिशन-2027

Puri Jagannath Temple में NRI श्रद्धालुओं से ठगी, दर्शन के नाम पर पैसे ऐंठने वाले 5 गिरफ्तार

कम बारिश से इंदौर में गहराया जलसंकट, नगर निगम ने मांगे 110 करोड़ रुपये

Bisleri ने पेयजल को बताया सुरक्षित, FSSAI की जांच में सहयोग का दिया भरोसा