By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 14, 2026
कर्नाटक के कोडगु जिले में हरंगी बांध के पीछे के जलक्षेत्र में नाव पलटने से गुजरात के एक दंपति की डूबकर मौत हो गई जबकि उनके दो बच्चों को बचा लिया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। मृतकों की पहचान गुजरात के सूरत निवासी धर्मेश (50) और उनकी पत्नी निम्मी (48) के रूप में हुई है।
हादसे में उनका बेटा और बेटी बच गए जिनकी उम्र 21 और 24 साल है। पुलिस के अनुसार परिवार शुक्रवार शाम को इलाके में एक निजी कंपनी द्वारा संचालित ‘वॉटर एडवेंचर’ गतिविधियों के तहत बोटिंग करने गया था। चारों ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी, तभी अचानक नाव पलट गई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दंपति कथित तौर पर पलटी हुई नाव के नीचे फंस गया और डूबने से उनकी मौत हो गई। उनके दोनों बच्चे पानी में गिर गए थे जिन्हें बचा लिया गया। पुलिस ने बताया कि कुशलनगर ग्रामीण थाने में नौका चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 (लापरवाही से मौत का कारण बनना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मामले की आगे की जांच जारी है।