हार्दिक पंड्या और KL राहुल को BCCI का नोटिस, महिलाओं पर की थी टिप्पणी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 09, 2019

सिडनी। बीसीसीआई ने बुधवार को भारतीय क्रिकेटर हार्दिक पंड्या और लोकेश राहुल को एक टीवी शो पर महिलाओं पर उनकी टिप्पणी के लिये कारण बताओ नोटिस जारी किया। इन टिप्पणियों की इतनी आलोचनाओं के बाद बोर्ड खिलाड़ियों के इस तरह से टीवी शो में शिरकत करने पर रोक भी लगा सकता है। ‘कॉफी विद करण’ टीवी शो पर पंड्या की टिप्पणी की काफी आलोचना हुई जिन्हें ‘सेक्सिस्ट’ करार किया गया। बाद में उन्होंने अपनी टिप्पणियों के लिये माफी मांगी और कहा कि वह शो के हिसाब से भावनाओं में बह गये थे। वहीं राहुल ने इन आलोचनाओं पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

इसे भी पढ़ें: भारत में खेले जाएंगे IPL के सभी मैच, 23 मार्च से शुरू होगा क्रिकेट का महाकुंभ

उन्होंने लिखा कि ईमानदारी से कहूं तो, मैं शो की प्रकृति के साथ भावनाओं में बह गया। मैं किसी भी तरीके से किसी की भी भावनाओं को आहत या किसी का अनादर नहीं करना चाहता था। शो पर पंड्या ने कई महिलाओं से अपने संबंधों को बढ़ा चढ़ाकर बताया था और यह भी कहा था कि वह अपने माता पिता से भी इसके बारे में काफी खुले हुए हैं। यह पूछने पर कि वह क्लब में महिलाओं के नाम क्यों नहीं पूछते तो पंड्या ने कहा कि मैं उन्हें (महिलाओं) देखना चाहता हूं कि उनकी चाल ढाल कैसी है। मैं थोड़ा ऐसा ही हूं इसलिये मुझे यह देखना होता है कि वे कैसा बर्ताव करेंगी।

इसके तुरंत बाद आलोचनाओं का दौर शुरू हो गया और पता चला कि बीसीसीआई के शीर्ष अधिकारियों ने उन्हें फटकार लगायी। सूत्र के अनुसार उनकी टिप्पणी को ‘मूखर्तापूर्ण और भद्दी’ समझा गया और शायद इसका असर भारतीय क्रिकेटरों के इस तरह के गैर-क्रिकेट संबंधित शो में भाग लेने पर पड़ सकता है। बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई से कहा, ‘इस बारे में विचार किया जायेगा कि खिलाड़ियों को इस तरह के शो में भाग लेने की अनुमति दी जाये या नहीं, जिनका क्रिकेट से कुछ लेना देना नहीं होता।’ पंड्या इस समय भारतीय टीम के साथ आस्ट्रेलिया में हैं जहां टीम ने पहली बार ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज अपने नाम की।

इसे भी पढ़ें: जिमनास्ट मोहम्मद राफे, प्रतिष्ठा ने स्वर्ण पदक जीते

पंड्या पीठ की चोट से उबरने के बाद मेलबर्न में बाक्सिंग डे से पहले टीम से जुड़ गये थे जो उन्हें पिछले साल संयुक्त अरब अमीरात में एशिया कप के दौरान लगी थी। वह 12 जनवरी से सिडनी में शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में खेलेंगे।

प्रमुख खबरें

GeM portal से रक्षा क्षेत्र की खरीद 1.35 लाख करोड़ रुपये पार, Piyush Goyal ने दी जानकारी

HD Kumaraswamy ने फ्लैश चार्जिंग Electric Bus प्रस्ताव की समीक्षा की

Tiger Shroff Durand Cup मैच में नहीं खेलेंगे, काम की प्रतिबद्धता बनी वजह

Rashtrapati Bhavan के एट होम समारोह में लावणी और गेड़ी नृत्य मुख्य आकर्षण होंगे