Mamata Banerjee की TMC में इस्तीफों की हैट्रिक, सांसद Prakash Chik Baraik ने भी Rajya Sabha छोड़ी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 11, 2026

तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य प्रकाश चिक बराइक ने बृहस्पतिवार को उच्च सदन की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इस सप्ताह इस्तीफा देने वाले वह पार्टी के तीसरे सांसद हैं। सूत्रों के अनुसार, बराइक ने राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंपा। अपने इस्तीफे में पश्चिम बंगाल से सांसद बराइक ने लिखा, ‘‘मैं राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देता हूं, जिसे कृपया तत्काल प्रभाव से स्वीकार किया जाए।’’ उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान सहयोग के लिए सभापति, उपसभापति और राज्यसभा सचिवालय के अधिकारियों का भी आभार व्यक्त किया।

बराइक के इस्तीफे के साथ ही तृणमूल कांग्रेस इस सप्ताह अपने तीन राज्यसभा सदस्यों को खो चुकी है, जिससे ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी को एक और बड़ा झटका लगा है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार और पार्टी के भीतर बगावत के बाद तृणमूल गंभीर संकट का सामना कर रही है, जिससे उसकी संगठनात्मक और विधायी ताकत काफी कमजोर हुई है। पिछले सप्ताह पार्टी के दो-तिहाई से अधिक (80 में से 58) विधायक आधिकारिक तृणमूल कांग्रेस विधायक दल से अलग हो गए और निष्कासित विधायक रिताब्रता बनर्जी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल विधानसभा में मुख्य विपक्षी समूह के रूप में मान्यता प्राप्त कर ली। बागी गुट का दावा है कि तब से उसकी संख्या और बढ़ी है।

यह संकट बाद में संसद तक भी पहुंच गया। बागी सांसदों के समूह का नेतृत्व कर रहीं काकोली घोष दस्तीकार ने दावा किया कि उन्हें लोकसभा के 20 से अधिक सांसदों का समर्थन प्राप्त है। बुधवार को जादवपुर से सांसद सायोनी घोष और कोलकाता दक्षिण से सांसद माला रॉय भी असंतुष्ट सांसदों के खेमे में शामिल हो गईं।

प्रमुख खबरें

Donald Trump ने जेलेंस्की से की रूस के डीजल ठिकानों पर हमले रोकने की अपील

Manoj Jarange के मुंबई अनशन को पुलिस ने नकारा, कार्यकर्ता ने लगाया हत्या की साजिश का आरोप

West Bengal में 17 सितंबर से शुरू होगा Seva Sankalp Abhiyan, सरकारी योजनाओं को लेकर चलेगा अभियान

Mercedes India प्रमुख Santosh Iyer बोले, BMW से आगे रहने के लिए कारों की कीमतें नहीं घटाएंगे