खट्टर-विज विवाद पर बोले हुड्डा, लड़ाई के अलावा सरकार नहीं कर रही कोई और काम

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 23, 2020

चंडीगढ़। हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज से सीआईडी का प्रभाग वापस लेने का मामला सामने आने पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने गुरुवार को खट्टर नीत भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार कोई काम नहीं कर रही है सिवाय विभागों को संभालने की लड़ाई के। नेता प्रतिपक्ष ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘सरकार गठित हुए तीन महीने हो चुके हैं। इसके बावजूद वह न्यूनतम साझा कार्यक्रम बनाने में नाकाम रही... किसान अर्थव्यवस्था, कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी दर जो 28 फीसदी के साथ देश में सबसे अधिक है, जैसे कई ज्वलंत मुद्दे हैं जिन पर सरकार ध्यान नहीं दे रही है और किस विभाग को कौन देखेगा इसकी लड़ाई कर रही है। वह अधिकारियों के स्थनांतरण आदेश पारित करने में व्यस्त है।’’ उन्होंने यह टिप्पणी विज से अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) वापस लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा लेने को लेकर पूछे गए सवाल पर की। 

इसे भी पढ़ें: शाहीन बाग में CAA को लेकर फैलाया जा रहा है भ्रम: भाजपा

हुड्डा ने राज्य में हुए कथित धान घोटाले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो से कराने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में मादक पदार्थों का प्रसार हो रहा है और राज्य सरकार स्थिति को नियंत्रण से बाहर जाने से रोकने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमारे कार्यकाल में पूरे राज्य में खेल स्टेडियम बनाए गए ताकि युवा खेल गतिविधियों में शामिल हों और मादक पदार्थ के सेवन की बुराई से दूर रह सकें लेकिन आज इन स्टेडियम के रखरखाव पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।’’ संशोधित नागरिकता कानून(सीएए) पर टिप्पणी करने से बचते हुए हुड्डा ने कहा कि यह मामला अदालत में विचाराधीन है और हमें फैसले का इंतजार करना चाहिए। 

प्रमुख खबरें

IRFC में सरकार के Offer For Sale से मचा हड़कंप, Infosys की AI डील ने निवेशकों को बनाया मालामाल।

White House में India के Tariff पर मचा था बवाल, Donald Trump ने अधिकारियों को सरेआम किया खारिज

America से तनाव के बीच Kim Jong Un का बड़ा दांव, North Korea अब समुद्र में बढ़ाएगा परमाणु ताकत

France में Heatwave का जानलेवा कहर, 40 लोगों की मौत, Eiffel Tower भी समय से पहले बंद